वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी को पहल (डीबीटीएल) के लिए पेट्रोलियम सचिव सौरभ चंद्रा ने गोद लिया है। मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि योजना के लिए वाराणसी को मॉडल जिले के रूप में पेश किया जाएगा। इस दौरान गैस एजेंसियों और बैंक अधिकारियों ने फार्म भरने के दौरान आने वाली दिक्कतों के बारे में बताया।
पेट्रोलियम सचिव ने यहां के अधिकारियों, गैस एजेंसी संचालकों से कहा कि 31 मार्च तक सभी उपभोक्ताओं के बैंक खाते को उनके गैस कनेक्शन संख्या और आधार कार्ड क्रमांक से लिंक कर दें ताकि एक अप्रैल से सब्सिडी की धनराशि उपभोक्ताओं के बैंक खाते में आसानी से पहुंच जाए। किसी भी परिस्थिति में उपभोक्ताओं को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। ऐसी शिकायत मिली तो एजेंसियों पर
कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीएम प्रांजल यादव, एडीएम आपूर्ति केएन उपाध्याय, जिलापूर्ति अधिकारी अशोक यादव, वाराणसी एलपीजी वितरक संघ के अध्यक्ष कुमार अग्रवाल और प्रवक्ता मनीष चौबे, बैंकों के अधिकारी मौजूद थे। शाम को पेट्रोलियम सचिव ने बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया। इसके बाद दशाश्वमेध घाट स्थित गंगा आरती में भी शामिल हुए।
---
इनसेट-
दिक्कत हो तो टोल फ्री नंबर पर करें शिकायत
पेट्रोलियम सचिव सौरभ चंद्रा ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को पहल योजना को लेकर कोई दिक्कत आए तो वह अपनी शिकायत टोल फ्री नंबर 18002333555 पर दर्ज करा सकता है।