फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुर्कानशीं ही नहीं, बिजनेस वूमन भी हैं पाकिस्तानी महिलाएं

Sun, 19 Apr 2015 02:11 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
पढ़ाई के लिए आतंकियों से मोर्चा लेने वाली मलाला के देश पाकिस्तान में महिलाएं सिर्फ बुर्कानशीं नहीं, बल्कि बिजनेस वूमन भी हैं। कारोबार संभाल रहीं कराची, मुल्तान और लाहौर की महिलाएं आगरा में इंडो-पाक लाइफ स्टाइल एंड फूड फेस्टिवल में छाई हुई हैं। फेस्टिवल में आधे पाकिस्तानी स्टालों पर यही महिलाएं न केवल बिक्री कर रही हैं, बल्कि आगरा के साथ कारोबारी रिश्ते बरकरार रखने की संभावनाओं को भी तलाश रही हैं।
विज्ञापन


पालीवाल पार्क में चल रहे इंडो पाक फेस्टिवल ‘अमन के सात रंग’ में हर रंग नजर आ रहा है। फेस्टिवल में पाकिस्तानी स्टाल पर लोग पहुंचते हैं तो पाकिस्तानी माहौल, संशय और वहां के खान-पान की चर्चा जरूर करते हैं। लोग हैरत में हैं कि आधे पाकिस्तानी स्टॉल महिलाएं संभाल रही हैं। कराची से लोन सूट लेकर आईं अस्मां रहमान हैंडमेड ज्यूलरी डिजायनर भी हैं। एक से 15 हजार रुपये तक के डिजायनर सूट लेकर आई हैं। इसी तरह कराची से ही शादिया सैय्यद भी सूट लेकर आईं हैं। लखनऊ में उनके सूट की जबरदस्त बिक्री हुई। फेस्टिवल में 20 में से 10 स्टॉल पर पाकिस्तानी महिलाएं ही काबिज हैं। शादिया और अस्मां रहमान के मुताबिक कराची, लाहौर और मुल्तान में महिलाओं को आजादी है, लेकिन पेशावर, गिलगिट-बाल्टिस्तान और बलूचिस्तान के साथ अफगानिस्तान सीमा से सटे शहरों में कट्टरपंथियों का दबदबा है।

हिंदुस्तानी टिकट पर देख आईं ताजमहल
ताजमहल पर सार्क देशों के सैलानियों के लिए 510 रुपये का प्रवेश टिकट है, लेकिन इंडो-पाक फेस्टिवल में पाकिस्तान से आईं महिलाएं 20 रुपये के भारतीय पर्यटकों वाले टिकट से ही ताजमहल में प्रवेश कर गईं। पाकिस्तानी महिलाओं ने कहा कि किसी ने हमें टोका ही नहीं। हमारा पहनावा, बोलचाल और स्टाइल सभी कुछ भारतीयों की तरह था तो किसी ने पाकिस्तानी समझा ही नहीं।
विज्ञापन


महंगा है भारत में खाना-पीना
पाकिस्तान से आए दुकानदारों ने कहा कि लखनऊ हो या कानपुर या फिर आगरा। यहां खाना-पीना बहुत महंगा है। एक तो पाकिस्तानी मुद्रा वैसे ही भारतीय रुपयों में बदलने पर उन्हें सब महंगा मिलता है। सुबह शाम के खाने पर 300 से 400 रुपये खर्च हो रहे हैं, जबकि कराची, लाहौर में खाना बहुत सस्ता है। 20 से 25 रुपये में बढ़िया खाना खाकर पेट भर सकते हैं।

हिंदूवादियों के डर से कम हुए स्टॉल
कानपुर में हिंदूवादी संगठनों द्वारा फेस्टिवल में तोड़फोड़ से डरे 17 पाकिस्तानी दुकानदार आगरा आए ही नहीं। लखनऊ में 37 पाकिस्तानी कारोबारियों ने स्टाल लगाए थे, लेकिन आगरा में यह 20 ही रह गए। कानपुर के बाद 10 तो सीधे ही पाकिस्तान चले गए, जबकि बाकी महंगे स्टाल और कमाई न होने से लौट गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें