चंगर क्षेत्र की दनोआ पंचायत की प्रधान रीता देवी ने स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह और स्थानीय विधायक एवं परिवहन मंत्री जीएस बाली से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ोह में पूरा स्टाफ की तैनाती की मांग उठाई है। साथ ही चिकित्सक आवास की दशा में शीघ्र सुधार करने की मांग की है।
नवनिर्वाचित प्रधान ने चेताया कि यदि 15 फरवरी से पहले उनकी मांग पर गौर नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के सहयोग से आगामी रणनीति तैयार होगी। प्रधान रीता देवी ने बताया कि लगभग 10 पंचायतों को स्वास्थ्य सेवाएं देने बाले स्वास्थ्य केंद्र में न तो पूरा स्टाफ है और न ही इमारत की दशा बेहतर है।
इसलिए मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नगरोटा बगवां या फिर टांडा मेडिकल कॉलेज जाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं देना अति आवश्यक है। क्योंकि चंगर क्षेत्र के दूर दराज के गांवों से रात्रि को आपात सेवाओं के लिए दूर-दराज जाना मुश्किल है।