लखनऊ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हम ‘लखनऊ दर्शन’ बस चलाएंगे। नए साल में यह बस सेवा शुरू करने की तैयारी है। ये बसें चारबाग से चलेंगी, जो प्रमुख दर्शनीय स्थलों तक ले जाएंगी।
इन बसों में गाइड की भी व्यवस्था होगी। इसके अलावा वीकेंड टूरिज्म की भी तैयारी है। लखनऊ से दुधवा, कतर्नियाघाट, नैमिषारण्य, वाराणसी, सारनाथ जैसे स्थलों के लिए रात्रि विश्राम सहित पूरा पैकेज होगा। इसके लिए पर्यटन विभाग और वन विभाग के साथ मिलकर तैयारी चल रही है।
लखनऊ में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए हर हफ्ते लाखों लोग आते हैं। उनके पास समय होता है तो वे लखनऊ घूमना चाहते हैं। ऑटो से घूमना जहां महंगा पड़ता है वहीं धक्के भी खाने पड़ते हैं।
‘लखनऊ दर्शन’ बसें ऐसे लोगों के लिए आरामदायक और बेहद सस्ती होंगी। अभी एक शहर से दूसरे शहर के लिए हमारे पास या तो बिल्कुल साधारण बसें हैं या फिर वॉल्वो बसें हैं।
मध्यम वर्ग के लिए डीलक्स और सेमी डीलक्स बसें चलाने की भी योजना है। एसी बसें भी चलाने की योजना है जो वॉल्वो से आधे दाम में लोगों को यात्रा कराएंगी।
इसके लिए हम राजस्थान, महाराष्ट्र और कर्नाटक बस सेवा का अध्ययन कर रहे हैं। वहां हर वर्ग के लिए कई तरह की बसें उपलब्ध हैं। लंबी दूरी के लिए लखनऊ से स्लीपर बसें भी चलाने की योजना है।
फूड प्लाजा पर रेट लिस्ट अनिवार्य
सभी बस स्टैंड पर फूड प्लाजा खोले जाएंगे। इन पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य होगा। इसकी शुरुआत लखनऊ के सभी बस स्टैंड से की जाएगी। इसके लिए हमने सभी आरएम और एआरएम के साथ बैठक की है। जहां पहले से फूड प्लाजा हैं, वहां अभी से रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं।
दी जाएगी ट्रेनिंग
अधिकारी और कर्मचारी तनाव में रहते हैं। खासतौर से ड्राइवर और कंडक्टर। उन्हें तनाव मुक्त रखने और यात्रियों से अच्छा व्यवहार करने के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
इसके लिए एसोसिएशन ऑफ रोडवेज ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (एएसआरटीयू) से बात हुई है। सबसे पहले तो आरएम और एआरएम के लिए कुछ कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
उसके बाद उनके निर्देशन में ड्राइवर और कंडक्टरों को सिखाया जाएगा कि यात्रियों और खासकर महिलाओं से किस तरह अच्छा व्यवहार करें। पिछले दिनों लखनऊ में ही महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं रोकने के लिए यह बहुत जरूरी है।
ऑनलाइन बुकिंग जल्द
1200 बसों में जीपीआरएस सिस्टम लगा लिया है। जून-2014 तक सभी बसों में जीपीआरएस सिस्टम लगा लिया जाएगा। इससे हर बस की लोकेशन कंप्यूटर से पता की जा सकेगी। अवैध ढाबों पर बस रोकने की शिकायतें भी मिलती हैं। नए सिस्टम से इसका भी पता चल सकेगा। ऑनलाइन बुकिंग की भी तैयारी है।
लोग ट्रेन की तरह बसों में भी ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे। स्मार्ट कार्ड की भी योजना है। इसे मोबाइल की तरह कभी भी री-चार्ज करा सकेंगे। स्मार्ट कार्ड पर किराए में कुछ छूट भी रहेगी। इसके लिए बैंकों से टाइ-अप करने के लिए बात चल रही है।
लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
बसों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे चोरी और अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं को कम किया जा सकेगा।हर रूट के लिए अलग प्लेटफार्म भी बनेंगे। लखनऊ से ही इसकी शुरुआत की जाएगी। शुरुआत में बड़े बस स्टेशनों पर यह व्यवस्था की जाएगी।