आरक्षण के मद्देनजर परिवहन विभाग ने सात जिलों से 107 बसें पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स को लाने ले जाने के लिए प्रशासन के हवाले कर रखी हैं। लोकल रूट की इन बसों को प्रशासन के हवाले किए जाने से स्थानीय यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रोहतक जिले में 28 बसें प्रशासन के हवाले हैं। इनमें से करीब 24 बसें तो पुलिस लाइन में हैं और चार बसें राजीव गांधी स्टेडियम में लगाई गई हैं। लोकल रूट से बस हटाने के चलते दैनिक यात्रियों और कर्मचारियों को दिक्कत हो रही है।
सोनीपत में रोडवेज ने फोर्स को 33 बसें सौंपी हैं। इनमें 23 बसें सोनीपत डिपो व 10 बसें गोहाना बस स्टैंड की शामिल हैं। यह बसें रोजाना 12 रूटों पर चलती थीं, इस समय बसों का आवागमन बंद होने से विभाग को हर दिन चार लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।