प्रदेश की बेटी बॉलीवुड में धाक जमाने को तैयार है। पांवटा की शेफाली उर्फ शीतल अपनी पहली हिंदी फिल्म युवा में योगा टीचर के रूप में नजर आएंगी।
उन्हें बिग बॉस फेम संग्राम सिंह के साथ काम करने का मौका मिला है। दोनों की यह पहली फिल्म है। फिल्म लव स्टोरी और स्कूली युवाओं पर आधारित है।
अमर उजाला से विशेष बातचीत में शेफाली ने बताया कि उन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक है। अभिनय में प्रशिक्षण के बाद टीवी सीरियल और साउथ की फिल्मों में भी काम किया। वह अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं।
दिल्ली, फरीदाबाद, गुड़गांव और ग्रेटर नोएडा में शूटिंग चल रही है। फिल्म में ओम पुरी, अर्चना पूरण सिंह, जिमी शेरगिल, रजत कपूर और मनीष चौधरी जैसे नामी कलाकार हैं। उन्होंने बताया कि सलमान खान, शाहरुख खान उनके पसंदीदा कलाकार हैं।
अभिनेत्रियों में करीना कपूर और माधुरी दीक्षित उनकी पसंदीदा कलाकार हैं। सलमान के साथ फिल्मों में अभिनय करने का सपना है। अभी अभिनय जगत में लंबा सफर तय करने की हसरत है।
शेफाली के बॉलीवुड में प्रवेश से पिता पूरन सिंह, मां ललिता, भाई ऋषभ, जीजा केतन पुरोहित समेत परिजन, रिश्तेदार और दोस्त खुश हैं। टीवी धारावाहिक, साउथ की फिल्मों के बाद, अब बॉलीवुड में मौका मिलने से सभी उत्साहित हैं।
शैफाली सिंह ने पांवटा के डीएवी स्कूल से शिक्षा ग्रहण की है। मुंबई में प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर की अकादमी में अभिनय प्रशिक्षण लिया। वर्ष 2011 में इंडिया इमेजिन टीवी पर महिमा शनिदेव धारावाहिक में नजर आईं।
इसमें टीवी कलाकार राहुल की पत्नी की भूमिका निभाई। जय बजरंग बली और अदालत धारावाहिक किया। इसके बाद साउथ की फिल्मों में कदम रखा। हॉस्टल डे समेत दो तेलुगू फिल्मों में काम किया। एक चैनल पर एलबम तेरा मिलना गीत खासा चर्चित रहा।