इसके अलावा अस्पतालों में बेड की कमी भी जल्द दूर कर दी जाएगी। सरकार की योजना दो चरणों में दस हजार बेड बढ़ाने की है।
यह जानकारी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री शंखलाल मांझी ने दी। दिल्ली में 29 जुलाई को 17 जातियों को एससी में शामिल करने की मांग लेकर आयोजित संसद के घेराव कार्यक्रम की तैयारी के सिलसिले में शुक्रवार को जिले में पहुंचे राज्यमंत्री जिला पंचायत सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यूपी में चिकित्सकों के 16 हजार पद हैं, लेकिन महज 12 हजार चिकित्सक ही कार्यरत हैं। प्रदेश के मेडिकल कालेजों से हर साल 1140 चिकित्सक ही निकलते हैं।
इसीलिए चिकित्सकों की कमी को देखते हुए शासन ने सीटें बढ़ाने का निर्णय लिया है। अस्पतालों में बेड की कमी पूरी करने के लिए सरकार 10 हजार बेड बढ़ाने जा रही है।
जिला अस्पताल के निर्माण में आठ करोड़ के घोटाले से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी मुझे नहीं है। यदि ऐसा है तो घोटाले की जांच कराके कार्रवाई की जाएगी।
अस्पतालों में दवा उपलब्ध न होने पर राज्यमंत्री ने कहा कि सीएमओ, सीएमएस लोकल स्तर पर दवाएं खरीदकर मरीजों को दे सकते हैं। इसके पूर्व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने एमबीएस अस्पताल भदोही का निरीक्षण किया। वहां बाहर से दवा लिखने पर दो चिकित्सकों को उन्होंने स्पष्टीकरण देने को कहा।