केंद्रीय परिवहन मंत्रालय के निर्देश पर एआरटीओ कार्यालय परिसर में टेस्टिंग ट्रैक बनाए जा रहे हैं। दोपहिया व चार पहिया वाहन चालकों के लिए अंग्रेजी के आठ आकार के बन रहे इन ट्रैक में एक छोर से प्रवेश तथा दूसरी छोर से निकासी मार्ग होगा। दोपहिया वाहन चालकों के लिए संकरा ट्रैक बनाया गया है तथा चार पहिया वाहन चालकों के लिए अलग ट्रैक बनाया जा रहा है। इसके बीच में एक मशीन भी लगाई जाएगी। वाहन चालकों को टेस्टिंग के दौरान मुड़ने व ओवरटेक करने के संकेत देने होंगे। यदि वाहन परिधि से टकरा जाएगा तो यह टेस्ट में फेल हो जाएगा। इसको देखते हुए उसको सावधानी से वाहन को ड्राइव करना होगा। इलेक्ट्रानिक मशीन को एक कंप्यूटर आपरेट करेगा, जिसमें संबंधित लर्निंग वाहन चालक का विवरण दर्ज होगा। यह डॉटा आनलाइन हो जाएगा, जिससे किसी प्रकार की छेड़खानी नहीं हो सकेगी।