बच्चे राष्ट्र के धरोहर हैं, बच्चे पूरी तरीके से जब तंदरुस्त होंगे तो राष्ट्र भी मजबूत होगा। जो बच्चे बचपन में कमजोर हो जाएंगे, वे हमेशा कमजोर रहेंगे। लिहाजा सरईगाढ़ के नागरिक अपने बच्चों के सेहत का मुकम्मल तरीके से ध्यान देकर बच्चों को पूरी तरीके से तंदरुस्त बनाएं।
यह बातें जिलाधिकारी जीएस प्रियदर्शी ने राज्य पोषण मिशन के तहत नगवां ब्लाक के डॉ. लोहिया ग्राम सरईगाढ़ को लिए गए गोद की हकीकत को जानते हुए कही। गांव के सभी छह आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत सात महीने से तीन वर्ष तक के बच्चों, तीन से छह साल तक के बच्चों, गर्भवती धात्री महिलाओं व किशोरी बालिकाओं के सर्वे रजिस्टर को नागरिकों के सामने पेश कराया। स्थलीय निरीक्षण में पाया कि सरईगाढ़ ग्राम पंचायत के छह आंगनबाड़ी केंद्रों में राज्य पोषण मिशन के तहत कुल 576 बच्चों का वनज कराया गया, जिसमें 364 सामान्य बच्चें व 160 आंशिक रूप से प्रभावित बच्चें तथा 52 अति कुपोषित बच्चें पाए गए थे।
राज्य पोषण मिशन के तहत सामान्य बच्चों को सामान्य पोषहार व अति कुपोषित बच्चों को पौष्टिक आहार दिए जाने के फलस्वरूप 52 में से 28 बच्चों के सेहत में काफी सुधार हुआ है। डीएम ने मौके पर कुपोषित बच्चों का वजन करवाया और संबंधित बच्चों को पौष्टिक आहार बढ़ाकर दिये जाने के निर्देश प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव को दिए। डीएम ने आहार का सत्यापन भी किया।