रायबरेली से कानपुर जा रहे कार सवार परिवार को ट्रक ने चौफेरवा के पास बुधवार रात टक्कर मार दी। हादसे में रिटायर्ड सूबेदार की मौत हो गई। छह लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से कानपुर हैलट के लिए रेफर किया गया। हादसे से शादी के माहौल मातम में तब्दील हो गया।
कानपुर नगर में कल्यानपुर पुराना शिवबली निवासी उमाशंकर (55) फौज के रिटायर्ड सूबेदार थे। रायबरेली जिले में रोडवेज में कंडक्टर के पद पर तैनात उनके छोटे भाई देवीशंकर के बेटे धर्मेंद्र की गुरुवार को शादी है। देवी शंकर रायबरेली के अमर नगर में परिवार संग रहते हैं। रायबरेली से सूबेदार बुधवार रात पहरावन रिवाज में शामिल होकर कानपुर लौट रहे थे। उनके साथ कार में समधी गोरेलाल (निवासी जरौली फेज तीन बर्रा), बहू गुड़िया, बेटी सिमरन, साले अनिल शर्मा व उनकी पत्नी चेतना, बेटी चाहत (निवासी दर्शनपुरवा) रहे।
रायबरेली रोड पर सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा के पास कार सवार रात करीब 11 बजे पहुंचे। वहीं, एक ट्रक ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसा देखकर राहगीरों ने पुलिस को खबर दी। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। घायल रिटायर्ड सूबेदार को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाकी को हैलट रेफर किया गया।
सूबेदार के बेटे अंकुर ने बताया कि चचेरे भाई की रायबरेली से बारात गुरुवार को कानपुर के नौबस्ता चौराहे आनी है। शादी समारोह की खुशियां गम में बदल गई हैं। अब सादे तरीके से बारात जाएगी। दुर्घटना में सभी लोग घायल हैं। उसकी मामी चेतना की हार्ट सर्जरी एक माह पहले हुई थी। उनकी हालत गंभीर है। सेवानिवृत्त होने के बाद घर के एक हिस्से में सूबेदार इलेक्ट्रानिक्स की दुकान चलाते थे।