युवक के गोमती में छलांग लगाने के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : amar ujala
मऊआइमा के सरायअलाउद्दीनपुर गांव में स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मी की हत्या के बाद डकैती के मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस ने 10-10 हजार के इनामी दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए बताया है कि घटनास्थल के पास ही रहने वाले खानाबदोशों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। इनसे 1.10 लाख नगदी व कुछ जेवर बरामद हुए हैं। घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
सरायअलाउद्दीनपुर उर्फ जोगापुर गांव में चार अप्रैल की भोर में डकैतों ने एक घर में धावा बोलकर स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मी सत्येंद्र पाल उर्फ सोनू(25) की हत्या कर दी थी। साथ ही उसकी मां पुष्पा देवी, पत्नी की बहन चंपा देवी व बेटी रेखा को बंधक बनाकर 1.5 लाख नगदी समेत 6.5 लाख रुपये का सामान लूट ले गए थे।
सोमवार को मामले के खुलासे का दावा करते हुए पुलिस अफसरों ने बताया कि वारदात को घर से कुछ दूर पर रहने वाले खानाबदोश लोगों ने अंजाम दिया था। जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया कि वारदात के बाद बुलाया गया खोजी कुत्ता खानाबदोशों की झोपड़ियों तक जाकर ही रुक गया था। जिससे पुलिस को शक हुआ। तलाशी के दौरान वहां से एक खून सना डंडा भी मिला, जिस पर शक गहरा गया। पूछताछ की गई तो पता चला कि घटना के बाद से कुछ लोग गायब हैं।
उनके प्रतापगढ़ स्थित मूल निवास पर छापा मारा गया तो वह वहां से भी फरार मिले। सोमवार को सुबह इनमेें से अच्छे लाल व निवासी फिल्म खजुरी, लालगंज, प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल ली। बताया कि घटना में अच्छे का दामाद व बेटे सुनील और आलोक के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था, जो घटना के बाद से फरार हैं। अफसरों ने बताया कि दोनोें के कब्जे से 1.10 लाख नगद व मंगलसूत्र के साथ ही चांदी के तीन कमरबंद व मोबाइल बरामद हुए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शादी के दौरान ही बना ली थी योजना
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में डकैती डालने वाले गिरोह के सरगना अच्छे लाल ने बताया कि उसका दामाद व बेटे घटनास्थल के पास स्थित सुल्तानपुर खास मजरे में झुग्गी बनाकर रहते थे। जहां घटना से दो दिन पहले एक शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए वह भी पहुंचा था। इसी दौरान उन लोगों की नजर संविदाकर्मी के घर पर गई। कस्बे से बाहर होने के कारण उन्होंने इस घर को टारगेट किया और फिर यहां डकैती की योजना बनाई।