उन्होंने कहा कि चुनाव बॉन्ड आए थे। 15 माह के बॉन्ड से 2225 करोड़ रुपये का खुलासा हुआ। उसमें से 95 प्रतिशत भाजपा को मिला है। यह आधिकारिक आंकड़ा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी विज्ञापनदाता बन गई है। उसने कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों को भी इस मामले में पीछे छोड़ दिया है। पिछले तीन साल में भाजपा ने 4397 करोड़ रुपया केवल विज्ञापन पर खर्च किया है, जो पांच बड़ी कंपनियों के विज्ञापन खर्च से भी अधिक है।
कांग्रेस नेता ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज करते हुए कहा कि ये गरीबों की पार्टी है। प्रधानमंत्री कभी अपनी गरीबी दिखाते हैं, अक्षय कुमार को साक्षात्कार देते हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे हैरानी नहीं कि अक्षय भी घबरा गए होंगे कि मोदी तो उनसे भी बड़े अभिनेता निकले।’
प्रधानमंत्री मोदी के इस बयान पर कि नोटबंदी से कांग्रेस के नजदीकी लोगों को नुकसान हुआ है, शर्मा ने कहा, ‘नहीं, नोटबंदी से किसान, गरीब और छोटे व्यापारी तबाह हो गए।’ शर्मा ने कहा, ‘मैं पूरी जिम्मेदारी से यह आरोप लगा रहा हूं कि नोटबंदी एक घोटाला था। केंद्र में सरकार बदलने पर इसकी पूरी जांच होगी। इसमें भाजपा और उसके नेताओं ने अपना पैसा सफेद किया। उन्होंने (भाजपा नेताओं) ने पैसा साफ करने का ‘नेशनल प्रोजेक्ट सेटअप’ किया।’ शर्मा ने सवाल किया कि कैसे 99.5 प्रतिशत पैसा वापस बैंकों में आ गया? क्यों लोगों को परेशान किया गया?