पुलिस चौकी रक्कड़ का दर्जा बढ़ाकर पुलिस थाना और पीएचसी रक्कड़ का दर्जा बढ़ाकर सीएचसी करने की घोषणा की। रक्कड़ में कालेज खोलने पर विचार किया जाएगा। सीएम वीरभद्र सिंह ने राजकीय उच्च विद्यालय कुहना एवं बाड़ी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने की भी घोषणाएं कीं।
जनसभा के दौरान सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार रक्कड़, डाडासीबा और कस्बा कोटला तहसीलों को समान रूप से विकसित करने के प्रयास कर रही है। इन क्षेत्रों का जसवां परागपुर के विधायकों ने विकास नहीं किया। लेकिन, उन्हें उम्मीद है कि सुरेंद्र मनकोटिया इस क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री ने रक्कड़ में पुलिस कर्मियों पर हमला करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी को सहन नहीं किया जाएगा चाहे व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। उन्होंने कहा कि खनन माफिया अथवा अन्य कोई भी व्यक्ति जो कानून एवं व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लुहाण खड्ड पर पुल का निर्माण करने के निर्देश
इससे पूर्व सीएम ने 2.32 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले लुहांडा खड्ड पर पुल सहित जीन-बनाह वाया कुंभकर-कसैटी सड़क की आधारशिला रखी। उन्होंने पुल के निर्माण को पूरा करने तथा इस पर सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।
रक्कड़ में तहसील कल्याण कार्यालय का लोर्कापण
सीएम ने भरोली-जदीद में 3.58 करोड़ से निर्मित 33 केवी विद्युत उप-केंद्र का लोकार्पण किया। सीएम ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में बलाहर पर 64.57 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल का उद्घाटन किया। उन्होंने नाबार्ड के अंतर्गत देहरा विधानसभा क्षेत्र में सिहूं नदी पर 1.07 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल तथा जसवां विधानसभा क्षेत्र में गरली नाले पर 51.30 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुलों के लोकार्पण भी किए।
मुख्यमंत्री ने जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के रक्कड़ में तहसील कल्याण कार्यालय का लोकार्पण भी किया। सीएम वीरभद्र सिंह ने देहरा विधानसभा क्षेत्र के बलाहर में राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान (डीम्ड यूनिवर्सिटी) का दौरा किया, जहां प्राचार्य प्रो. लक्ष्मी निवास पांडे, स्टाफ एवं संस्थान के विद्यार्थियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
जनसभा में ये रहे उपस्थित
ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन, स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पंडित सुशील रतन, राज्य शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष बलबीर तेगटा, पूर्व विधायक योगराज शर्मा, देहरा से ब्रिगेडियर राजेंद्र राणा, जसवां परागपुर ब्लाक कांग्रेस समिति की अध्यक्ष प्रदीप कुमार, महिला ब्लाक कांग्रेस समिति की अध्यक्ष पुष्पा मिन्हास, प्रधान अविनाश, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार, जिला प्रवक्ता संदीप झांसू, महासचिव गुरचरण सिंह और सुनील कश्यप, सभा के प्रधान रमेश राणा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों के अलावा गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।