सड़क पर गाय आ जाने से अनियंत्रित प्राइवेट बस खड्ड
में गिरकर पलट गई। इससे बस में सवार पांच महिलाओं समेत आठ यात्री घायल हो
गए। एक महिला की हालत गंभीर है।
घायलों को प्राइवेट अस्पताल लाया। प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
घटना शुक्रवार शाम लगभग पांच बजे की है।
बताया
जाता है कि यात्रियों से भरी प्राइवेट बस बांदा जा रही थी। राजापुर-कमासिन
रोड पर हनुमान नगर के सामने अचानक सड़क पर गाय आ गई। गाय को बचाने में
चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी। बस पलटते
ही चीख पुकार मच गई।
आसपास के लोग दौड़े और घायलों को बस से
निकाला। इस हादसे में शोभावती पत्नी नरेश निवासी महुआखाड़ा मंझनपुर
(कौशांबी) को ज्यादा चोटें आईं। इसके अलावा नंदूपुर भटरी की सावित्री देवी,
चिंता देवी, सरैंया की धुइयां देवी और रुक्मिणी, रुक्मिणी का चार साल का
बेटा रवि, इंगवामऊ (बांदा) के लखन पुत्र बाबूलाल और सौरभ पुत्र बबलू घायल
हो गए।
ग्रामीणों ने समाजवादी एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस आने
में देरी होते देख लोगों ने घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां पहुंचे एसडीएम अभयराज ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।