बिहार की राजधानी पटना के भीड़ भाड इलाके में नकली स्टांप छापे जा रहे थे। पुलिस ने छापेमारी कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामला पीरबहोर थाना क्षेत्र के भिखना पहाड़ी इलाके का है। पुलिस ने इस मामले में नकली स्टांप के साथ 2 जालसाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में छपाई किए गए नकली स्टांप भी जप्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टता में जप्त किए गए स्टांप नकली प्रतीत हो रहे हैं।
प्रिंटिंग प्रेस की आड़ में वर्षों से हो रहा था गोरखधंधा
पुलिस का कहना है कि भिखना पहाड़ी इलाके में एक प्रिंटिंग प्रेस में वर्षों से नकली स्टांप छापने का गैर कानूनी काम किया जा रहा था। इस बात की भनक किसी तरह दिल्ली पुलिस को लग गई। भनक लगते ही दिल्ली पुलिस की टीम मंगलवार की देर शाम पटना पहुंची और पीरबहोर थाने की टीम के द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर प्रिंटिंग प्रेस पर छापेमारी किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने इस धंधें में शामिल दो धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस से लाखों की संख्या में छपाई किए गए स्टांप भी जप्त किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने वहां से कई कागजात, स्टांप छापने के कलर बरामद किए हैं। पुलिस ने छानबीन के लिए नकली स्टांप के साथ गिरफ्तार किए गए दोनों धंधेबाजों को अपने साथ दिल्ली ले गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
दिल्ली से खुला राज
दिल्ली पुलिस का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में नकली स्टांप छापने वालों का पर्दाफाश किया था। इसी क्रम में पूछताछ के दौरान गिरफ्तार लोगों ने पुलिस को यह बताया था कि इस गोरखधंधे का जाल पटना से हो रहा है। दिल्ली पुलिस ने इसी सूचना के आधार पर पटना के कई इलाकों में छापेमारी किया। पुलिस की छापेमारी से पूरे इलाके में सनसनी का माहौल बना है।इस संबंध में पीरबहोर थानाध्यक्ष का कहना है कि दिल्ली पुलिस और पटना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से नकली स्टांप छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। फिलहाल दिल्ली पुलिस दोनों कारोबारियों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए अपने साथ दिल्ली ले गई।