अब हिमाचल के मंडी का एक और गबरू अरुण बहल बॉलीवुड फिल्म डायरेक्ट इश्क में धमाल मचाएगा। फिल्म शुक्रवार 19 फरवरी को रिलीज होगी। अरुण बहल इस फिल्म में अभिनेत्री डॉली पांडे निधि सुब्बइया के रॉक बैंड फैंसी नाम के वायलन वादक की भूमिका में हैं।
अरुण बहल ने बताया कि एक अभिनेता के तौर पर इस तरह के किरदार निभाना थोड़ा मुश्किल होता है, लेकिन जब इस फिल्म के सह निर्देशक और मेरे परम मित्र रविंद्र राम पाटिल ने मुझे फिल्म के निर्देशक राजीव एस रूइया से मिलवाया तो एक छोटे से ऑडिशन और कुछ देर बातचीत करने के बाद ही मुझे इस किरदार के लिए चयनित कर लिया गया।
इस फिल्म में मेरी मेहनत और काम देखकर राजीव ने मुझे अपनी अगली फिल्म सारथी में भी भूमिका भी सौंप दी, जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है और जून माह तक प्रदर्शन के लिए तैयार हो जाएगी। इस फिल्म का एक गाना शिमला की वादियों में फिल्माया गया है। इस फिल्म के निर्माता प्रदीप के शर्मा हैं। जबकि राजीव एस रूइया ने निर्देशन किया है।
अरुण बहल की अभिनय यात्रा की शुरुआत रंगमंच से हुई है। वे मंडी की रंगमंच अकादमी हिमाचल सांस्कृतिक रंगमंच शोध संस्थान एवं रंगमंडल से जुड़े रहे हैं। अरुण ने बताया कि मुंबई में उन्हें अपने ही शहर के अभिनेता नीरज सूद का मार्गदर्शन मिला है।