रजपुरा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-कटर पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई।वहीं चार मजदूर घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक उपचार के लिए अनूपशहर सीएचसी में भर्ती कराया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।अनूपशहर कोतवाली के गांव फतेपुर के मजदूर थाना रजपुरा क्षेत्र में ट्रैक्टर-कटर से सरसों की फसल काटते हैं।
सुबह नौ बजे करीब गांव फतेपुर निवासी सुनील (32) पुत्र यशपाल सिंह व अन्य चार लोग ट्रैक्टर-कटर पर सवार होकर रजपुरा क्षेत्र में मजदूरी करने आ रहे थे। उसी दौरान गवां-अनूपशहर मार्ग पर ट्रैक्टर-कटर अनियंत्रित होकर खंती में पलट गया। इसमें सवार सुनील की कटर के नीचे दबकर घटना स्थल पर मौत हो गई, जबकि इरफान, जुबैर, धर्मवीर, फकरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रैक्टर पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बचाने के लिए दौड़ पडे़। सूचना पर पहुंची रजपुरा पुलिस ने एंबुलेंस को बुलाकर घायलों के लिए सीएचसी अनूपशहर में भर्ती करा दिया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मजदूर सुनील की मौत पर परिवार में कोहराम मचा है।