चार दिन पहले नर्सिंग होम में फंदे से लटके मिले कर्मचारी अमान अंसारी की (21) मौत को परिजन आत्महत्या की घटना मानने को तैयार नहीं हैं। शनिवार को मृतक के परिजन और रिश्तेदारों ने पहले नर्सिंग होम में जाकर हंगामा किया, फिर कोेतवाली में सीओ पीएस पांगती और कोतवाल कमल राम आर्या का घेराव कर अमान की हत्या की आशंका जताते हुए खुलासे की मांग उठाई। हालांकि परिजनों की तरफ से किसी के खिलाफ भी तहरीर नहीं दी गई है।
24 मार्च को नाइट ड्यूटी में तैनात कर्मचारी अमान अंसारी नर्सिंग होम के अंदर ही फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि नर्सिंग होम का दरवाजे में सेंटर लाक लगा था। जो दूसरी चाबी से भी खुल सकता है है। शनिवार को घटना के चार दिन बाद मृतक के परिजन और रिश्तेदारों ने नर्सिंग होम जाकर जमकर हंगामा किया। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर सीओ और कोतवाल का घेराव कर मामले की जांच करने और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। वार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों और मृतक के परिजनों के काफी तीखी नोंकझोंक भी हुई। सीओ द्वारा मृतक के परिजनों से हत्या की आशंका होने पर तहरीर देने को कहने के बाद वे शांत हुए। फिलहाल खबर लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।
मौत के रहस्य की कड़ी में वो भी है शामिल
टनकपुर (चंपावत)। हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी अमान अंसारी की मौत के रहस्य की कड़ी में वो भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक अमान का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और पिछले कुछ समय से दोनों में अनबन भी चल रही थी। परिजन और पुलिस को भी अमान के प्रेम प्रसंग की बात पता है।
घटना वाली रात मोबाइल पर किसी से नहीं की थी बात
टनकपुर (चंपावत)। घटना वाली रात अमान अंसारी ने अपने मोबाइल से किसी भी व्यक्ति से बात नहीं की। मोबाइल की काल डिटेल में यह बात सामने आई है। सीओ पीएस पांगती ने बताया कि अमान के मोबाइल की काल डिटेल के अनुसार घटना वाली रात उसने मोबाइल पर किसी से बात नहीं की है।