कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) के आखिरी चांस (10 अक्तूबर) के बाद भी देश के अव्वल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट्स में दाखिले के इच्छुक छात्रों के लिए मौके खत्म नहीं होंगे।
10 अक्तूबर को मौका चूकने पर छात्र जेवियर एप्टीट्यूड टेस्ट (जैट) के जरिए इन संस्थानों में दाखिला पा सकते हैं। चार जनवरी 2015 को होने वाली इस परीक्षा के लिए जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (एक्सएलआरआई) ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बीते 60 वर्षों से जेवियर लेबर रिलेशन इंस्टीट्यूट, जमशेदपुर यह परीक्षा आयोजित करवा रहा है। इसे आईआईएम में दाखिलों के लिए होने वाली कैट के समकक्ष ही माना जाता है।
उत्तराखंड के टॉप इंस्टीट्यूट्स में भी मिलेगा मौका
जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, भुवनेश्वर, गोवा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लोयला इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन जैसे नामी 100 प्रबंधन संस्थानों में परीक्षा से दाखिले का रास्ता खुलता है। इसके अलावा उत्तराखंड में आईएमएस यूनिसन, ग्राफिक एरा, डीआईटी, डीबीएस में भी इसके जरिए दाखिले मिलेंगे।
ऐसे करें आवेदन
छात्र 22 नवंबर 2014 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। एडमिट कार्ड 18 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे। परीक्षा चार जनवरी को होगी। स्कोर कार्ड 31 जनवरी 2015 तक छात्रों को मेल कर दिया जाएगा।
ऐसा होगा परीक्षा का पैटर्न
कॅरियर लांचर निदेशक अमित मित्तल ने बताया कि परीक्षा में 90 बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। हर सवाल के लिए एक अंक तय होगा। 10 अंकों का एक निबंध भी होगा। इसमें किसी सामाजिक-आर्थिक मुद्दे पर तय शब्द सीमा में जवाब देना होगा। परीक्षा में 20 अंकों के बिजनेस जागरूकता एवं आर्थिकी संबंधी सवाल होंगे। यह सवाल आठ साल बाद इस परीक्षा का हिस्सा बनने जा रहे हैं। बीच के वर्षों में एक्सएलआरआई ने इन सवालों को पैटर्न से हटा दिया था।