शहर के सरकारी और प्राइवेट कालेजों में ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में दाखिले के आखरी दौर में हैं। मंगलवार तक स्टूडेंट बिना लेट फीस दाखिला पा सकेंगे। इसके बाद विद्यार्थियों को लेट फीस देनी होगी।
मंगलवार के बाद विद्यार्थियों को दाखिले के लिए 500 रुपये लेट फीस और प्रिंसिपल की अनुमति से ही दाखिला मिल सकेगा। वहीं, मंगलवार को सेक्टर-42 स्थित गवर्नमेंट कॉमर्स कालेज में बीबीए और एमकॉम की खाली सीटों के लिए काउंसिलिंग होगी।
बीकॉम दूसरे और तीसरे वर्ष में भी मौका
शहर के लगभग सभी कालेज में बीकॉम दूसरे और तीसरे वर्ष की खाली सीटों पर दाखिले के लिए मारामारी चल रही है। प्रथम वर्ष प्राइवेट या कोरेस्पोंडेंस से करने वाले स्टूडेंट बाद में रेगुलर क्लास में दाखिले की कोशिश करते हैं। सोमवार को कालेजों में खाली सीटों के लिए काउंसिलिंग का दौर जारी रहा।
जीसीजी-11 में दिनभर रही भीड़
शहर के सरकारी कालेजों में इस बार जीसीजी-11 में दाखिले को लेकर सबसे अधिक मारामारी रही। बीए प्रथम वर्ष में 65 फीसदी से कम अंक पर दाखिला नहीं मिला। सोमवार को दाखिले की उम्मीद में काफी संख्या में छात्राएं और अभिभावक पहुंचे।
कालेज प्रिंसिपल अचला डोगरा ने बताया कि सोमवार को दूसरे और तीसरे वर्ष की दाखिला प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बीएससी, बीबीए और अन्य कोर्स में रिजर्व कोटे की खाली सीटों को जनरल कोटे में तबदील कर दाखिला दिया जाएगा।