शिक्षा विभाग के कॉमन एडमिशन शेड्यूल को न मानते हुए विवेक हाई स्कूल-38 ने अलग से शेड्यूल जारी किया है। स्कूल में 18 से 27 नवंबर तक प्रॉस्पेक्टस मिलेंगे।
कुछ और स्कूल भी अलग शेड्यूल जारी करने की तैयारी में हैं।
इससे स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में शिक्षा विभाग और प्राइवेट स्कूलों के बीच फिर से ठनेगी। शिक्षा विभाग का आदेश है कि सभी प्राइवेट स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया कॉमन शेड्यूल के अनुसार हो।
पिछले साल भी राइट टू एजूकेशन (आरटीई) और इकोनॉमिकल विकर सेक्शन (ईडब्ल्यूएस) की सीटों पर दाखिले को लेकर प्राइवेट स्कूलों की शिक्षा विभाग के साथ ठन गई थी।
पहले बना लिया था शेड्यूल
विवेक स्कूल के चेयरमैन एचएस मामिक ने बताया कि स्कूल ने काफी पहले ही एंट्री लेवल पर दाखिले का शेड्यूल बना लिया था।
उन्होंने कहा कि दिसंबर के आखिरी हफ्ते या जनवरी 2014 के पहले हफ्ते में फाइनल लिस्ट जारी कर दी जाएगी। इस साल भी स्कूल प्वाइंट सिस्टम पर दाखिला देगा।
दो दिन पहले ही डीपीआई ने ली थी बैठक
कॉमन एडमिशन शेड्यूल को लेकर दो दिन पहले ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक स्कूल के प्रिंसिपलों के साथ हुई थी। शुक्रवार को विभाग ने 80 के करीब प्राइवेट स्कूलों में एंट्री लेवल पर दाखिले का शेड्यूल जारी किया था।
इसके तहत 29 नवंबर को सभी प्राइवेट और कान्वेट स्कूल वेबसाइट पर दाखिला संबंधी पूरी जानकारी और आवेदन फार्म अपलोड कर देंगे। 01 से 20 दिसंबर तक आवेदन फार्म जमा किए जाएंगे। 10 से 20 जनवरी के बीच लकी ड्रा निकाला जाएगा।