देहरादून स्थित ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के छह छात्रों ने अपने टैलेंट से देशभर में नाम कमाया है। विवि के छह में से पांच छात्रों ने भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (बार्क) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है।
इसमें देहरादून निवासी सुबोध कुमार की कंप्यूटर साइंस में आल इंडिया पहली रैंक शामिल है। विशेष पार्शव को अमेजन कंपनी में 25 लाख रुपये का पैकेज मिला है। विवि ने इन सभी छात्रों को सोमवार को सम्मानित किया।
दून निवासी सुबोध कुमार, मेरठ निवासी विवेक लाटा, मसूरी निवासी नमन गोयल, आसाम निवासी भार्गव बरूआ और गाजियाबाद निवासी अभिषेक रंजन ने बार्क की परीक्षा में कंप्यूटर साइंस में कामयाबी हासिल की है। सभी ग्राफिक एरा विवि के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के छात्र हैं।
ग्राफिक एरा विवि के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने सभी छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने हर वैज्ञानिक को 50-50 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा भी की। समारोह में ग्राफिक एरा विवि के छात्र विशेष पार्शव को अमेजन कंपनी की ओर से 25 लाख का पैकेज मिलने पर भी हर्ष जताया गया।
विवि के छात्र गौरव सिंह चुफाल को ग्रेजुएशन एप्टीट्यूड टेस्ट में 99.65 परसेंटाइल के साथ ओएनजीसी, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम से बुलावा आया है। इस मौके पर ग्राफिक एरा विवि के चांसलर डॉ. आरसी जोशी, कुलपति डॉ. वीके तिवारी, प्रो वाइस चांसलर डॉ. एके अवस्थी, ग्राफिक एरा पर्वतीय विवि के कुलपति डॉ. संजय जसोला, डीन डॉ. आर गौरी, मीडिया के एचओडी प्रो. सुभाष गुप्ता भी मौजूद रहे।