12वीं के बाद ग्रेजुएशन में शुरू हुए मेरिट से दाखिलों में पहली बार उत्तराखंड बोर्ड के छात्र आगे निकल गए। देहरादून के सभी कॉलेजों में मेरिट में चयनित छात्रों में 60 प्रतिशत से ऊपर छात्र यूके बोर्ड के हैं।
बीते वर्ष तक यूके बोर्ड के छात्र हार्ड मार्किंग की वजह से दाखिलों की दौड़ में पिछड़ जाते थे। इस बार सीबीएसई और आईएससी बोर्ड के छात्र पीछे रह गए। शहर के एसजीआरआर पीजी कॉलेज में बीए, बीएससी और बीकॉम की दाखिला प्रक्रिया करीब समाप्त हो चुकी है।
कॉलेज में पहली मेरिट आने के बाद यूके बोर्ड के छात्र सबसे आगे नजर आए। यहां पहली मेरिट में करीब 65 प्रतिशत छात्र यूके बोर्ड के रहे। इसी प्रकार, डीबीएस पीजी कॉलेज की मेरिट में भी यूके बोर्ड के छात्रों का प्रतिशत इस साल 60 से ऊपर रहा। डीएवी कॉलेज में मेरिट जारी हो चुकी है।
यहां भी यूके बोर्ड के छात्रों की भरमार है। गत वर्ष तक ये छात्र मेरिट में फिसड्डी होते थे। इनके मुकाबले इस साल सीबीएसई और आईएससी बोर्ड के छात्र दाखिलों में पिछड़ गए। डीबीएस कॉलेज के प्राचार्य ओपी कुलश्रेष्ठ और डीएवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने पहली बार यूके बोर्ड के छात्रों के मेरिट से दाखिलों की दौड़ में आगे रहने की पुष्टि की है।