उत्तर प्रदेश प्राविधिक विश्वविद्यालय से संबद्ध 850 से अधिक इंजीनियरिंग कॉलेजों के करीब पांच लाख स्टूडेंट्स को अब परीक्षा से जुड़े कामों के लिए विवि व कॉलेजों के चक्कर नहीं काटने होंगे।
यूपीटीयू अपना वेब पोर्टल बनाएगा, जिससे परीक्षा से जुड़े सभी काम ऑनलाइन हो जाएंगे। स्टूडेंट को डिग्री, माइग्रेशन, स्क्रूटनी, मार्क्सशीट में करेक्शन व चैलेंज इवैल्यूएशन आदि के लिए ऑनलाइन फॉर्म उपलब्ध करवाए जाएंगे।
यूपीटीयू प्रशासन बैंक के ऑनलाइन पेमेंट का गेट-वे उपलब्ध करवाएगा। इस पर स्टूडेंट ऑनलाइन बैंक चालान और क्रेडिट व डेबिट कार्ड से आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे।
यही पर उन्हें एक टोकन नंबर मिल जाएगा और इसके बाद एक निर्धारित समय में उनका काम हो जाएगा। स्टूडेंट्स की समस्याओं के समाधान के लिए परीक्षा विभाग में एक ऑनलाइन हेल्प डेस्क व कॉल सेंटर भी स्थापित होगा।
यूपीटीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीएन मिश्रा ने बताया कि परीक्षा विभाग में छोटी-छोटी समस्याएं लेकर दूर-दराज के इंजीनियरिंग कॉलेजों से स्टूडेंट्स आते हैं और परीक्षा संबंधी कामों के लिए उन्हें परेशान होना पड़ता है।
ऐसे में अब उनके लिए परीक्षा विभाग ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए वेब पोर्टल तैयार करेगा। स्टूडेंट इस ऑनलाइन वेब पोर्टल पर एक निर्धारित स्थान पर जाएंगे और अपनी क्लास व जिस कैटेगरी का काम होगा, उसे क्लिक करके ऑनलाइन फॉर्म खोल लेंगे। इसके बाद ऑनलाइन ही सबमिट कर देंगे।