उत्तर प्रदेश प्राविधिक विश्वविद्यालय से संबद्ध कई कॉलेज दिसंबर में होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं के परीक्षा केंद्र नहीं बनाए जाएंगे। परीक्षा में शुचिता रखने के लिए ऐसा किया जा रहा है। वहीं,छात्रों की पहुंच से केंद्र बहुत दूर न हों और यातायात की सुविधा मिल सके, इसका भी विशेष ख्याल रखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार परीक्षाएं 15 दिसंबर तक शुरू हो सकती हैं।
परीक्षा के लिए 150 से 200 के बीच कॉलेजों को परीक्षा व नोडल केंद्र बनाया जाना है। बहुत से कॉलेज ऐसे हैं, जो पिछले कई वर्षों से केंद्र बनते आ रहे हैं लेकिन अब केंद्र निर्धारण तभी किए जाएंगे,जब वे सभी मानक पूरे करते होंगे। परीक्षा नियंत्रक डॉ.बीएन मिश्रा ने बताया कि इस साल सभी कॉलेजों से केंद्र बनने के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
केंद्रों की री शफलिंग होगी। विभाग के सूत्रों की मानें तो जिन कॉलेजों को पहले से यकीन होता था कि उनके यहां केंद्र बनेगा वे अपने यहां आने वाले कॉलेजों के सेंटर में सेटिंग कर परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ देते थे। इससे परीक्षा की शुचिता पर सवाल खड़े होना लाजमी है लेकिन अब इसमें सुधार किया गया है।