इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स की अंग्रेजी सुधारने के लिए यूपीटीयू ने कैंब्रिज विश्वविद्यालय के साथ मिलकर संयुक्त प्रयास शुरू किए हैं। दोनों विश्वविद्यालय के बीच मंगलवार को हुए समझौते के तहत यूपीटीयू को कैंब्रिज इंग्लिश का असेसमेंट सेंटर बनाया जाएगा।
इसके अलावा यूपीटीयू में एक लैंग्वेज लैब भी खुलेगी। प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरके खांडल व कैंब्रिज विश्वविद्यालय की इंडिया हेड एंजेला फ्रेंज ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किया।
एंजेला फ्रेंच ने दोपहर में प्राविधिक शिक्षा मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा से मुलाकात की। प्रो. शिवाकांत ओझा ने इसे इंजीनियरिंग कॉलेज के साथ-साथ पॉलीटेक्निक संस्थानों में भी लागू करने की घोषणा की है।
कैंब्रिज इंग्लिश की हेड एंजेला फ्रेंच ने कहा कि अभी जो सिलेबस है, वह अंग्रेजी में कमजोर छात्रों के लिए बिल्कुल मददगार नहीं है। यह सिलेबस तो वह पढ़ सकता है जिसे इंग्लिश अच्छी आती हो। ऐसे में इसमें बदलाव किया जाए।
यूपीटीयू के कुलपति प्रो. आरके खांडल ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन कैम्ब्रिज इंग्लिश के साथ मिलकर अपने सिलेबस को तो ठीक करेगा इसके साथ ही इसे असेसमेंट सेंटर के रूप में भी डवलप किया जाए तो अच्छा होगा।
इस पर एंजेला फ्रेंच ने अपनी सहमति जता दी। कैम्ब्रिज इंग्लिश के एक्सपर्ट यूनिवर्सिटी व इंजीनियरिंग कॉलेजों के टीचर्स को ट्रेनिंग देंगे और यह एक्सपर्ट आगे इंग्लिश पढ़ाएंगे।