राजकीय पॉलीटेक्निकों के प्रवक्ता पद के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगने के बाद उत्तराखंड लोक सेवा आयोग खुद ऑफलाइन हो गया है।
गुरुवार सुबह से शाम तक आवेदन करने के इच्छुक युवा आयोग की वेबसाइट खंगालते रहे लेकिन आवेदन का लिंक नहीं मिला। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने गुरुवार को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवक्ता के 154 पद पर भर्ती के लिए समाचार पत्रों में विज्ञापन जारी किया हुआ है।
संक्षिप्त विज्ञापन में बताया गया है कि विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। 16 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन की घोषणा की है। आवेदन की अंतिम तिथि तीन मई बताई गई है। इच्छुक अभ्यर्थी सुबह से आयोग की वेबसाइट खोलकर बैठ गए लेकिन ऑनलाइन आवेदन का लिंक और विस्तृत विज्ञापन नहीं मिल पाया। शाम छह बजे तक भी लिंक नहीं मिला।
इस बाबत आयोग सचिव एसएन पांडे के कार्यालय में फोन किया तो लैंडलाइन नंबर नहीं लगा। उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताता रहा। उनके निजी सचिव ने फोन पर बताया कि साहब व्यस्त हैं।
शाम करीब पांच बजे आयोग की ओर से दिए हेल्पलाइन नंबर 7060002410 पर फोन किया तो वहां से बताया गया कि ऑनलाइन आवेदन में की प्रक्रिया में कुछ दिक्कत आ गई थी। उसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। रात तक या कल सुबह तक लिंक दिखना शुरू हो जाएगा।