अगर प्रतिभा है तो यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) आपके साथ है। आयोग ने प्रतिभाशाली युवाओं से 11 श्रेणियों में स्कॉलरशिप और फेलोशिप के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए यूजीसी की वेबसाइट पर जाकर आवेदन किया जा सकता है।
इनके लिए करें आवेदन
मौलाना आजाद नेशनल फेलोशिप फॉर माइनॉरिटी स्टूडेंट्स : सत्र 2014-15 के लिए छात्र इसमें 30 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। यह फेलोशिप पांच साल तक वित्तीय सहयोग के लिए है।
राजीव गांधी नेशनल फेलोशिप फॉर एससी/एसटी कैंडीडेट : आरक्षित वर्ग के छात्रों को यह फेलोशिप सत्र 2014-15 के लिए दी जाएगी। यह योजना सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण और जनजातीय मामला मंत्रालय की ओर से संचालित कराई जाती है। इसके लिए 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इकलौती कन्या संतान के लिए पोस्ट ग्रेजुएट इंदिरा गांधी स्कॉलरशिप : इकलौती कन्या संतान को वर्ष 2014 से 2016 तक पीजी कोर्स के लिए यह स्कॉलरशिप दी जाएगी। इसमें छात्राएं 15 सितंबर से पहले आवेदन कर सकती हैं।
पोस्ट ग्रेजुएट मेरिट स्कॉलरशिप फॉर यूनिवर्सिटी रैंक होल्डर्स : यूजी कोर्स में बेहतरीन रैंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पीजी कोर्स के लिए यह छात्रवृत्ति मिलेगी। इसमें 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। यह लाभ दो वर्ष तक मिलेगा।
पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप फॉर एससी/एसटी कैंडीडेट : साइंस, इंजीनियरिंग और तकनीक, ह्यमैनिटीज और सोशल साइंस में रिसर्च के इच्छुक छात्र इस फेलोशिप के लिए 30 अगस्त से पहले आवेदन कर सकते हैं।
पोस्ट ग्रेजुएट स्कॉलरशिप फॉर प्रोफेशनल कोर्स फॉर एससी/एसटी कैंडीडेट : इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट, फार्मेसी आदि प्रोफेशनल कोर्स में दाखिला लेने वाले एससी/एसटी श्रेणी के छात्र इसके लिए 30 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। यह छात्रवृत्ति पूरे कोर्स के लिए होगी।
पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप फॉर विमैन कैंडीडेट : इसमें पीएचडी कर रहीं महिला अभ्यर्थी 16 अगस्त तक आवेदन कर सकती हैं। यह फेलोशिप पूरे रिसर्च के लिए मिलेगी।
रिसर्च अवार्ड : 45 वर्ष से कम उम्र के उन लेक्चरर को यह अवार्ड दिया जाता है जो कि अपने फील्ड में बेहतर रिसर्च करना चाहते हैं। प्रोजेक्ट विशेष को निर्धारित समयावधि तक इसका लाभ मिलेगा। इसमें लेक्चरर 16 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
एमेरिट्स फेलोशिप : विवि या कालेज में पढ़ाने वाले शिक्षक आवेदन 16 अगस्त से पहले कर सकते हैं। इसकी अवधि रिसर्च प्रोजेक्ट पर डिपेंड करती है। किसी भी प्रकार के ग्रेड पे की बाध्यता नहीं है।
मेजर रिसर्च प्रोजेक्ट : विभिन्न विषयों में शोध कर रहे अभ्यर्थी इसके लिए 31 अगस्त से पहले आवेदन कर सकते हैं। इसमें शोध विशेष के लिए सहायता मिलेगी।
राजीव गांधी नेशनल फेलोशिप फॉर स्टूडेंट्स विद डिसेबिलिटीज : यह उन विकलांग छात्रों के लिए है जो कि एम फिल या पीएचडी कर रहे हैं। इसमें 25 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। इसमें पीएचडी के लिए माहवार सहायता मिलेगी।