डीएवी पीजी कॉलेज में एमए, एमएससी और एम कॉम की मेरिट जारी होने के बाद कॉलेज में एडमिशन शुरू हो गए हैं। पीजी के बाद तीन अगस्त से कॉलेज में स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष के लिए एडमिशन शुरू हो जाएंगे।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि यूजी के आवेदकों की सूची शनिवार को कॉलेज की वेबसाइट में अपलोड कर दी जाएगी। आवेदन में यदि किसी छात्र की ओर से कोई गलती हो गई हो तो वह उसे मंगलवार शाम तक ठीक कर सकता हैं। प्राचार्य ने कहा कि यूजी में एडमिशन के लिए इस बार 15 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है।
केमिस्ट्री की कटऑफ रही सबसे ज्यादा
वहीं कॉलेज में कुल सीटें लगभग 3800 हैं। ऐसे में कई छात्र कॉलेज में दाखिला नहीं ले पाएंगे। डीएवी पीजी कॉलेज में नए सत्र की पहली मेरिट बृहस्पतिवार को जारी की गई थी। कॉलेज में एमए, एमएससी और एमकॉम की प्रथम सेमेस्टर की पहली कटऑफ में एमएससी केमिस्ट्री की सामान्य की कटऑफ सबसे अधिक रही।
कुछ निराश तो कुछ हुए खुश
कालेज में एडमिशन के लिए सभी विभागों में कटऑफ लिस्ट चस्पा होने के बाद शुक्रवार को कुछ छात्रों के चेहरे पर खुशी तो कुछ निराश नजर आए।