फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एआईपीएमटी में इस बार देनी होगी 'अग्नि परीक्षा'

Fri, 10 Jul 2015 01:17 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
मेडिकल में दाखिले के लिए 25 जुलाई को दोबारा होने जा रहे ऑल इंडिया प्री मेडिकल प्री डेंटल टेस्ट (एआईपीएमटी) में इस बार अभ्यर्थियों को कड़ी व्यवस्थाओं से गुजरना होगा।
विज्ञापन


सीबीएसई ने पेपर लीक होने के बाद दोबारा होने वाली परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंच जाएं। दो घंटे तक उनकी पूरी चेकिंग की जाएगी।

एआईपीएमटी पहले तीन मई को हुआ था। रोहतक (हरियाणा) में पेपर लीक होने के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट में गया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सीबीएसई को दोबारा परीक्षा कराने का आदेश दिया था। इस कड़ी में सीबीएसई ने 25 जुलाई को देशभर में दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया है।
विज्ञापन


बोर्ड ने गुरुवार को परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड और जरूरी सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए। इसके मुताबिक अभ्यर्थी को परीक्षा के लिए हल्के रंग के कपड़े और हाफ बाजू की शर्ट या टी-शर्ट और कुर्ता आदि पहनकर आना होगा। परीक्षा के दिन जूतों के बजाए चप्पल या हवाई सैंडिल ही पहननी होगी।

परीक्षा 10 बजे से शुरू होनी है लेकिन अभ्यर्थी को अपने परीक्षा केंद्र पर कम से कम 7:30 बजे पहुंचना होगा। दो घंटे तक अभ्यर्थी की जांच की जाएगी। इस बार 9:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा में यातायात जाम, मौसम जैसा कोई बहाना नहीं चलेगा।

पहले ही कर लें ये तैयारियां
वेबसाइट से नया एडमिट कार्ड और उसके साथ दिया गया परफॉर्मा डाउनलोड कर लें। एडमिट कार्ड पर एक फोटो चिपकाकर उसे किसी राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित करा लें। परफॉर्मा भर लें, उसे परीक्षा केंद्र में जमा कराना होगा। इस पर भी एक पासपोर्ट साइज का फोटो चिपकाकर साथ ले जाएं।

एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ भी लेकर जाएं। यह फोटो हाजिरी की शीट पर चिपकाई जाएगी। इस बात का खास ख्याल रखें कि जो फोटो आपने वेबसाइट पर आवेदन के समय अपलोड की होगी, उसे ही बनवाकर ले जाएं। इससे अलग फोटो स्वीकार नहीं होगी।

रिंग, ताबीज सब निकालकर जाएं
एआईपीएमटी में वैसे तो पहले से भी हाथ घड़ी आदि की पाबंदी थी, लेकिन अब रिस्ट वॉच के अलावा छात्राओं के लिए भी यह बाध्यता कर दी गई है कि वे अपनी नोज पिन, कानों की बाली, बालों में लगाए जाने वाले सभी चीजें निकालकर जाएं। ये भी हिदायत दी गई है कि अगर किसी ने ताबीज या धागा पहना है तो उसे भी निकाल दें।

बोर्ड ने 47 को किया परीक्षा से बाहर
सीबीएसई ने हरियाणा में सामने आए नकल के मामले की पड़ताल करते हुए 47 छात्रों को परीक्षा से बाहर कर दिया है। बोर्ड के मुताबिक परीक्षा में इनकी गलती पाए जाने पर इन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें