लखनऊ शिक्षा की नई राजधानी के रूप में तेजी से उभर रहा है।
राष्ट्रीय स्तर पर हुए सर्वेक्षण में राजधानी के तीन स्कूलों ने पहले 10 सबसे अच्छे दस स्कूलों में स्थान बनाया है।
टॉप-10 स्कूलों की सूची में लोरेटो कॉवेंट, लॉमार्टीनियर गर्ल्स और लॉमार्टीनियर ब्वायज स्कूल शामिल हैं।
वर्ल्ड फॉर फोरकॉस्टिंग प्राइवेट लिमिटेड (सी फोर) ने देश के 21 राज्यों के 725 स्कूलों में सर्वे करके 2013 के लिए यह सूची जारी की है।
राजधानी के तीनों स्कूलों ने पिछले साल की तुलना में इस बार काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष हुए सर्वे में लोरेटो कॉवेंट को 38वां, लॉमार्टीनियर गर्ल्स को 49वां और लॉमार्टीनियर ब्वायज को 44वां स्थान प्राप्त हुआ था।
इस बार गर्ल्स डे-स्कूल और ब्वायज डे-स्कूल श्रेणी के साथ ही कई श्रेणियों की सूची जारी की गई है। गर्ल्स डे स्कूल श्रेणी में इस बार लखनऊ के दो कॉलेज हैं।
लोरेटो कॉवेंट को इसमें 8वां और लॉमार्टीनियर गर्ल्स कॉलेज को 10वां स्थान मिला है। ब्वायज डे-स्कूल श्रेणी में लखनऊ से जगह बनाने वाला सिर्फ लॉमार्टीनियर ब्वायज कॉलेज ही रहा।
गर्ल्स डे-स्कूल श्रेणी में पहले स्थान पर कोलकाता का मॉडर्न हाईस्कूल और ब्वायज डे-स्कूल श्रेणी में पहला स्थान कैंपियन स्कूल मुंबई को हासिल हुआ।
आईएससी बोर्ड एग्जाम में किसी एक स्कूल में 90 प्रतिशत से ज्यादा नंबर लाने वाले सबसे ज्यादा स्टूडेंट्स की श्रेणी में सीएमएस गोमतीनगर को देश के पहले तीन कॉलेजों में शामिल है।
इस श्रेणी में बाकी दो कॉलेज मुंबई का लीलावती पोद्दार हाईस्कूल और मॉडर्न गर्ल्स हाईस्कूल कोलकाता रहे। बेस्ट डे-कम बोर्डिंग स्कूल की श्रेणी में बंगलूरु के वैली स्कूल को पहला स्थान हासिल हुआ।
डे-कम बोर्डिंग स्कूल की श्रेणी में पहले 10 स्थानों में उत्तर प्रदेश का एक भी स्कूल भी शामिल नहीं है। सीएमएस गोमतीनगर को इस श्रेणी में 40वां, सेठ एमआर जयपुरिया को 65वां और सीएमएस राजेंद्रनगर शाखा को 139वां स्थान मिला है।
डे बोर्डिंग स्कूल ब्वायज की कैटेगरी में दून स्कूल को पहला स्थान हासिल हुआ है। सभी श्रेणियों की सूची बनाने के लिए 15 विभिन्न मानकों को आधार बनाया गया है।