चौ. चरणसिंह विश्वविद्यालय में सत्र 2013-14 की प्रोफेशनल कोर्सेज के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया आखिरी चरण में पहुंच गई है। परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित छात्रों के पास मंगलवार तक का मौका है।
वहीं, सर्वर डाउन और फॉर्म सबमिट न होने की समस्या को देखते हुए विश्वविद्यालय तिथि बढ़ाकर छात्रों को थोड़ी राहत दे सकता है। छह मई तक ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद छात्रों को आठ मई तक अधिकृत चार बैंकों में परीक्षा शुल्क जमा कराना होगा।
विश्वविद्यालय ने इस बार केवल इलाहाबाद बैंक, पीएनबी, एक्सिस और आईसीआईसीआई बैंक में परीक्षा शुल्क जमा करने की सुविधा दी है। इसके अलावा छात्रों को 10 मई तक कंपलीट परीक्षा फॉर्म कॉलेजों में जमा कराने होंगे। साथ ही कॉलेजों को 12 मई तक सभी परीक्षा फार्म विवि के संबंधित विभाग में जमा कराने होंगे।
परीक्षा फार्म भरने की तारीख निकट आते ही साइबर कैफे में छात्रों की भीड़ बढ़ने लगी है, लेकिन छात्रों को तकनीकी दिक्कतों से अभी भी रूबरू होना पड़ रहा है।