दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2015-16 में स्नातक की 54 हजार सीटों के लिए दाखिले की रेस आज से शुरू होने जा रही है। बीते साल की तरह ही इस बार भी छात्रों को ऑफलाइन व ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा होगी।
ऑनलाइन फॉर्म 28 मई से 15 जून तक भरे जा सकेंगे, जबकि ऑफलाइन आवेदन के जरिये फॉर्म 5 जून से 15 जून तक भरे जा सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन को बढ़ावा देने के लिए इस बार पहले ऑनलाइन आवेदन को शुरू किया जा रहा है।
इस तरह ऑनलाइन आवेदन के लिए छात्रों को 19 दिन मिलेंगे, वहीं ऑफलाइन आवेदन के लिए महज 9 दिन ही मिलेंगे। ऑनलाइन आवेदन करने वालों को इस बार फीस जमा करवाने के लिए ड्राफ्ट नहीं भेजना होगा और डेबिट या क्रेडिट कार्ड के जरिये फीस दी जा सकेगी।
ये रहेगी एडमिशन फीस
सामान्य वर्ग व ओबीसी वर्ग के आवेदकों के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन फीस 100 रुपये होगी। जबकि एससी-एसटी व विकलांग श्रेणी के आवेदकों को ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन के लिए 50 रुपये फीस चुकानी होगी।
फॉर्म में इस बार कॉलेजों का विकल्प नहीं होगा। छात्रों को सामान्य जानकारी के साथ कोर्स के विकल्प को भरना होगा। एक ओएमआर फॉर्म के जरिये आवेदक फॉर्म में उपलब्ध 52 कोर्सेज के लिए आवेदन कर सकेंगे।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी 15 जून तक होगा और डीयू की वेबसाइट डीयूडॉटएसीडॉटइन से आवेदन किया जा सकता है। एससी-एसटी व विकलांग श्रेणी के छात्रों की दाखिला प्रक्रिया भी सामान्य वर्ग की प्रक्रिया की तरह होगी।
इन सभी श्रेणी के छात्र भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ईसीए व स्पोर्ट्स कोटे के तहत आवेदन भी आज से ही शुरू होने जा रहे हैं। इसके लिए छात्रों को अलग-अलग कॉलेज में जाकर अलग से ऑफलाइन आवेदन करना होगा।
ऐसे करें ऑफलाइन और डीयू से आवेदन
ऑफलाइन आवेदन 5 जून से 15 जून- डीयू में ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 जून से शुरु होकर 15 जून तक चलेगी। आवेदक डीयू के विभिन्न कॉलेजों में बनाए गए आठ सेंटरों के जरिये फॉर्म ले सकेंगे।
छात्रों को यह सुविधा होगी कि वह किसी भी सेंटर से फॉर्म लेकर किसी भी सेंटर पर जमा करा सकेंगे। यह सेंटर इस तरह से बनाए गए हैं कि किसी भी इलाके में रहने वाले छात्र को गर्मी में किसी भी तरह से भटकना ना पड़े।
ऑफलाइन फॉर्म लेने के लिए आठ सेंटर-
साउथ दिल्ली-आत्मराम सनातन धर्म कॉलेज, गार्गी कॉलेज, पीजीडीएवी कॉलेज, दयाल सिंह कॉलेज, पूर्वी दिल्ली- श्याम लाल कॉलेज, महाराजा अग्रसेन कॉलेज, पश्चिमी दिल्ली-राजधानी कॉलेज, उत्तर दिल्ली-श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज।
डीयू ऐप से भी कर सकते हैं आवेदन- डिप्टी डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन करते समय छात्रों को कुछ बातों का ध्यान रखा होगा। छात्र वेबसाइट के साथ-साथ वह स्मार्ट फोन पर डीयू ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
दाखिले व फीस का समय-सुबह की पाली के कॉलेजों में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक। शाम की पाली के कॉलेजों में शाम 4 बजे से 7 बजे तक।