यूपी बोर्ड हाई स्कूल के कंपार्टमेंट फार्म जारी कर दिए गए हैं। छात्र कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए फार्म अपने विद्यालय अथवा डीआईओएस कार्यालय से हासिल कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 10 जुलाई निर्धारित है।
जीजीआईसी विजयनगर की प्रिंसिपल सुधा रानी कटियार ने बताया कि कंपार्टमेंट वाले बालक छात्र अपना आवेदन जीआईसी नंदग्राम और छात्राएं अपना आवेदन जीजीआईसी विजयनगर में जमा कर सकती हैं।
रिजल्ट आया लेकिन मूल्यांकन के पैसे नहीं
यूपी बोर्ड एक ओर जहां व्यवस्थाएं सुधारने में लगा है वहीं शिक्षक पुरानी लचर व्यवस्था से परेशान हैं। कापियों के मूल्यांकन केंद्रों का बजट बिल अब तक पास नहीं हो सका है। जिन शिक्षकों ने कापियां चेक की है उनका पारिश्रमिक भी शिक्षकों के खाते में नहीं पहुंचा है।
माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला प्रवक्ता राजीव त्यागी ने बताया कि मूल्यांकन के तीन माह बाद भी शिक्षकों को उसका भुगतान नहीं हुआ है। यहां तक कि अब तक केंद्रों पर बनाई गई व्यवस्था पर जो पैसा खर्च हुआ है उसका भी बजट शासन से नहीं आया है।