एलयू में आने वाले दिनों में टेनिस कोर्ट अंतर्राष्ट्रीय स्तर का होगा। इसका जीर्णोद्घार रिलायंस कंपनी द्वारा किया जाएगा।
मंगलवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसबी निमसे व रिलायंस कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (यूपी) अनंत जौहरी ने एमओयू साइन किया।
कुलपति डॉ. एसबी निमसे ने कहा कि रिलायंस फाउंडेशन व रिलायंस जीओ इन्फोकॉम लिमिटेड यहां पर टेनिस ग्राउंड को उच्च कोटि का बनाएगी।
इसके बाद यहां पर फुटबाल ग्राउंड को भी बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता रिलायंस कंपनी से यहां के एल्युमिनाई अनंत जौहरी के प्रयास से हुआ है और हमारी कोशिश होगी कि आगे एल्युमिनाई की मदद से यूनिवर्सिटी आगे बढ़े।
एल्युमिनाई से फंड जुटाने के लिए वह जल्द ही एक विशेष कमेटी का गठन भी करेंगे। डॉ. निमसे ने इस मौके पर कहा कि हवार्ड जैसी यूनिवर्सिटी का भारी भरकम बजट वहां की एल्युमिनाई की ही देन है।
लखनऊ विश्वविद्यालय भी ऐतिहासिक यूनिवर्सिटी है और इसे संवारने के लिए यहां के एल्युमिनाई आगे आएंगे, ऐसा मुझे पूरा भरोसा है।
इस अवसर पर एलयू के प्रॉक्टर व शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनोज दीक्षित, एलयू के प्रवक्ता प्रो. एनके पांडेय, कार्यवाहक वित्त अधिकारी रत्नेश्वर भारती व लूटा के महामंत्री डॉ. नीरज जैन उपस्थित थे।