उत्तराखंड तकनीकी विवि के स्थापना दिवस समारोह के जश्न के मौके पर विवि ने सभी मार्कशीट ऑनलाइन कर दीं। अब प्रदेश के दुर्गम इलाके में बैठा छात्र भी अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर सकेगा। इस मौके पर पहुंचे राज्यपाल डॉ. केके पाल ने विवि में नए रोजगार परक कोर्स शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया।
तकनीकी विवि के स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ राज्यपाल एवं विवि के कुलाधिपति डॉ. केके पाल ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यूटीयू को बड़ी संख्या में ऐसे कोर्स शुरू करने की जरूरत है जो कि छात्रों के लिए रोजगारपरक हों। उन्होंने मेक इन इंडिया के तहत छात्रों को तैयार करने पर भी बल दिया।
राज्यपाल ने विवि में अनुसंधान के क्षेत्र में और अधिक कारगर प्रयास किए जाने का सुझाव दिया। इस दौरान उन्होंने विवि के नवनिर्मित ऑडिटोरियम, विवि के कुलगीत और विवि के ध्वज का अनावरण किया।
उन्होंने विश्वविद्यालयों में उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक तथा युवाओं को रोजगार मुहैया कराने की दृष्टि से अधिकाधिक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्त्रस्म चलाये जाने पर विशेष बल दिया। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्कृष्टता हेतु ‘इंटर यूनिवर्सिटी चांसलर ट्रॉफी’ देने की घोषणा भी की।
कुलपति प्रो. पीके गर्ग ने विवि के 11 वर्षों की सफ लतापूर्ण प्रगति तथा वर्तमान उपलब्धियों एवं भविष्य में विवि की प्रगति के लिए तैयार किए गए रोडमैप के बारे में बताया। इस दौरान प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा ओमप्रकाश ने विवि के ऑनलाइन रिजल्ट पोर्टल की लांचिंग की।
इसके माध्यम से पहाड़ में कहीं भी रहने वाला छात्र वेबसाइट से अपनी मार्कशीट निकाल सकेगा। अंत में विवि के कुलसचिव प्रो. विजय जुयाल ने सभी अतिथियों का शुक्रिया अदा किया। इस मौके पर विवि के पूर्व कुलपति प्रो. दुर्ग सिंह चौहान, प्रो. वीके तिवारी, प्रो. वीके जैन, डॉ. योगेंद्र नाथ शर्मा, डॉ. अलकनंदा अशोक सहित भारी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।