एलयू का मान बढ़ाने वाले शिक्षकों को रविवार को शोध छात्रों ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष व उच्च शिक्षा विभाग का सर्वश्रेष्ठ सरस्वती सम्मान पाने वाली प्रो. निशि पांडेय और शिक्षक श्री सम्मान पाने वाले बायोकेमेस्ट्री विभाग के सीनियर प्रोफेसर एसके अग्रवाल व भूगर्भ विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ध्रुव सेन सिंह को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
लखनऊ विवि के कुलपति डॉ. एसबी निमसे ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात कि तीन शिक्षकों को उच्च शिक्षा विभाग द्वारा दिए जाने वाला सरस्वती व शिक्षक श्री सम्मान मिला।
उन्होंने शिक्षकों व छात्रों का आह्वान किया कि वह अपनी प्रतिभा के दम पर विवि का नाम रोशन करें। उन्होंने कार्यक्रम में रिसर्च स्टूडेंट और रिसर्च कर रहे शिक्षकों की मदद के लिए एक नई सेल गठित करने की घोषणा की।
डॉ. निमसे ने कहा कि इस सेल में पांच प्रोफेसर होंगे और वह रिसर्च स्टूडेंट को समय पर फैलोशिप व कन्टीजेंसी का पैसा समय पर दिलवाना सुनिश्चित करेंगे।
इसके अलावा वह शोध कर रहे स्टूडेंट की समस्या का मौके पर समाधान करेंगे। इससे विवि में शोध को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान रिसर्च स्टूडेंट सर्वेश त्रिपाठी ने काव्यपाठ भी किया।