5 सितंबर को पंजाब यूनिवर्सिटी में हुए पीयू छात्र काउंसिल चुनाव में विजेताओं की नई टीम को बुधवार को शपथ दिलाई जाएगी। पीयू छात्र काउंसिल चुनाव में इस बार नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने प्रधान, उप प्रधान और सचिव पदों पर कब्जा किया है।
जबकि सह सचिव पद पुसू संगठन के खाते में गया है। पीयू डीएसडब्ल्यू दफ्तर की ओर से मंगलवार दिन भर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का दौर जारी रहा। शपथ ग्रहण समारोह और एग्जिक्यूटिव सदस्यों का चुनाव पीयू के फिजिक्सि ऑडिटोरियम में कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार दोपहर 1.30 बजे से स्टूडेंट काउंसिल के 5 एग्जिक्यूटिव सदस्यों के लिए चुनाव कराया जाएगा। इन सदस्यों का चुनाव पीयू के 115 डीआर द्वारा किया जाएगा। छात्र काउंसिल चुनाव में पुसू और एनएसयूआई के बीच हार-जीत का अंतर कम रहने के कारण मतदान होने की काफी उम्मीद है। शपथ ग्रहण समारोह में पीयू कुलपति प्रो.अरुण कुमार ग्रोवर मुख्य अतिथि होंगे।
एनएसयूआई ने जीत पर बांटी मिठाई
शुक्रवार 5 सितंबर को संपन्न छात्र काउंसिल चुनाव के बाद मंगलवार को पीयू कैंपस में फिर से रौनक लौट आई। काउंसिल में जीत हासिल करने वाली एनएसयूआई नेताओं ने सभी हॉस्टल और विभागों में जाकर विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। उधर डीएसडब्ल्यू ऑफिस में काउंसिल के नए नेताओं ने विद्यार्थियों और पीयू कर्मचारियों को मिठाई भी बांटी।
आज पीयू गर्ल्स हॉस्टल में डीजे नाइट
पीयू छात्र काउंसिल में जीत हासिल करने वाली एनएसयूआई संगठन ने बुधवार को पीयू के सभी गर्ल्स हॉस्टल में डीजे नाइट कराने का फैसला लिया है।
छात्र काउंसिल प्रधान दिव्यांशु ने बताया कि डीजे नाइट के लिए पुलिस से परमिशन ली गई है। नाइट शाम 7 से रात 10 बजे तक होगी। सभी हॉस्टल में डीजे की व्यवस्था की जाएगी।