वंडर किड सुषमा वर्मा ने आखिरकार बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी (बीबीएयू) के एमएससी माइक्रोबॉयोलॉजी कोर्स में दाखिला ले ही लिया।
सबसे पहले सुषमा ने बीबीएयू में ही दाखिले के लिए आवेदन किया था और यहां की एकेडमिक काउंसिल ने स्पेशल केस में साढ़े तेरह साल की इस छात्रा के दाखिले की हरी झंडी दी थी।
हालांकि इसके बाद एकेडमिक सेक्शन से फाइल आने में हो रही देरी के कारण उसने लखनऊ विश्वविद्यालय में फॉर्म भर दिया और वहां उसने 25 हजार रुपये फीस जमाकर दाखिला भी ले लिया था।
इसके बाद उसके पिता ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई थी। एलयू प्रशासन की पहल पर उसकी मदद के लिए अब तक करीब सात लाख रुपये तक का फंड तैयार कर लिया गया था। फिलहाल अब सुषमा बीबीएयू में पढ़ेगी।
बीबीएयू के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. रामा चंद्रा ने बताया कि इस कोर्स की फीस 3500 रुपये है, लेकिन हमने सुषमा की ट्यूशन फीस माफ कर दी है।
ट्यूशन फीस माफ करने के बाद उससे 1150 रुपये की फीस बैंक में जमा करा ली गई है। सुषमा सोमवार से पढ़ने आएगी। बाकी इस छात्रा की जो भी मदद होगी उसे कुलपति प्रो. आरसी सोबती से विचार-विमर्श करने के बाद दी जाएगी।