पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के हॉस्टल नंबर-5 के सामने दो छात्रों ने एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। युवक को गंभीर हालत में जीएमसीएच-16 में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे गुरुसिमरन सिंह अपने दोस्त सतेंदर से मिलने पीयू के हॉस्टल-5 में आया था। उसने हॉस्टल के गेट के सामने अपनी कार खड़ी करके फोन करके दोस्त को बाहर बुलाया। इतने में हॉस्टल नंबर-3 में रहने वाले छात्र सुखजोत और नितेश शर्मा आ गए और उससे हाथापाई करने लगे।
सुखजोत ने चाकू निकालकर गुरुसिमरन के शरीर पर ताबड़तोड़ चाकू से तीन वार किए। इतने में उसका दोस्त सतेंदर भी मौके पर पहुंच गया। उसको देखकर दोनों आरोपी छात्र भाग खड़े हुए। सतेंदर ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान हालत में गुरुसिमरन को जीएमसीएच-16 में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी छात्र पहले गुरुसिमरन सिंह के दोस्त थे। उनका कहना है कि एक साल से इनके बीच झगड़ा चला रहा है। पुलिस का कहना है कि कुछ दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं।