गरीब पर पढ़ाई में होशियार विद्यार्थियों को मंजिल दिलाने वाले सुपर-30 (आनंद कुमार) की तर्ज पर अब पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में पढ़ाई कर रहे कुछ भावी इंजीनियर गरीब होनहारों के सपनों को नई उड़ान देंगे।
परिवार में पैसे की तंगी के कारण आईआईटी और आईपीएमटी में दाखिले से महरूम गरीब स्टूडेंट को अब 2015 में होने वाले दोनों एंट्रेंस टेस्ट की निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
शुक्रवार को पीयू स्थित यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) और यूथ वेलफेयर एसोसिएशन (युवा) ने फ्री कोचिंग स्कीम की घोषणा की है। परिवार की 1 लाख से कम आमदनी वाले स्टूडेंट को इस ऑफर का लाभ मिलेगा।
शनिवार से सेक्टर-24 स्थित भारत विकास परिषद के परिसर में कोचिंग शुरू होगी। 100 स्टूडेंट को एक साथ कोचिंग दी जाएगी।
सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी देंगे निशुल्क कोचिंग
यूआईईटी स्टूडेंट प्रियरंजन ने बताया कि कोचिंग देने के लिए चार साइंस विषयों के एक्सपर्ट ने भी हाथ मिलाया है। यूआईईटी पूर्व छात्र कुणाल सिंह स्वयं (फिजिक्स), डा. विनीत कटोच (बायोलॉजी), अंकित बाली (गणित) और अनुराग (केमिस्ट्री) की कोचिंग देंगे।
सभी एक्सपर्ट हफ्ते में 24 घंटे देंगे। प्रतिदिन तीन घंटे की क्लास होगी। स्टडी सामग्री भी स्टूडेंट को फ्री मिलेेंगी। एक बैच को करीब 6 महीने तक कोचिंग दी जाएगी।
आप भी जुड़ें नेक काम में
कुणाल सिंह ने बताया कि आईआईटी और पीएमटी जैसी परीक्षा पास करने के लिए कोचिंग आवश्यक है, लेकिन गरीब स्टूडेंट कड़ी मेहनत से कोचिंग के अभाव में अपना लक्ष्य नहीं तक नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे स्टूडेंट के लिए यह शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि ट्राइसिटी से कोई भी माहिर इस अभियान से जुड़ सकता है। वहीं, युवा कैंपस चेयरमैन सुमित सिन्हा ने बताया कि फ्री कोचिंग का लाभ पाने के लिए हेल्प लाइन नंबर-9988665113 या 7814084147 या ई-मेल yuwa.chd@gmail पर संपर्क कर सकते हैं।