जय नारायण पीजी कॉलेज (केकेसी) में शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं के आरोपी छात्रों को निष्कासित कर दिया गया।
बीए प्रथम वर्ष के छात्र अनिरुद्ध पर बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्र प्रशांत से मारपीट करने और उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। अनिरुद्ध के खिलाफ प्रशांत के अभिभावक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है।
वहीं, दूसरी ओर कॉलेज में कम्प्यूटर लैब में तोड़फोड़ करने और कर्मचारियों से मारपीट करने के आरोपी बीए द्वितीय वर्ष के छात्र ज्योति राय को कॉलेज से निष्कासित कर दिया गया है।
इसके खिलाफ कॉलेज प्रशासन ने थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। दोनों को ही पुलिस के हवाले कर दिया गया है। कॉलेज में रैगिंग को लेकर भी हल्ला मचा मगर इसे कॉलेज प्रशासन ने सिरे से नकार दिया।
प्राचार्य डॉ. एसडी शर्मा ने बताया कि मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद अनिरुद्ध ने प्रशांत की जमकर पिटाई की। इसके लिए अनिरुद्ध ने दो बाहरी लड़कों को कैम्पस में फोन करके बुलाया।
डॉ. शर्मा कहते हैं कि लड़ाई करने वाले दोनों ही छात्र स्नातक प्रथम वर्ष के हैं। ऐसे में यह घटना रैगिंग की श्रेणी में नहीं आती।
वह कहते हैं कि बीए द्वितीय वर्ष के छात्र ज्योति राय को कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी कि लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ।
उसने कम्प्यूटर लैब में घुसकर वहां काम कर रहे कर्मचारियों से अभद्रता व मारपीट की और तोड़फोड़ करने लगा। उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर इसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।