पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) और इससे संबद्ध चंडीगढ़ के कॉलेजों के छात्र काउंसिल चुनाव के संबंध में 28 अगस्त तक अधिसूचना जारी हो सकती है। पीयू के कुलपति ने प्रशासन को पत्र भेजकर पांच सितंबर को चुनाव कराने की मंजूरी मांगी है।
उम्मीद है कि प्रशासन 27 अगस्त तक पीयू को चुनाव कराने की मंजूरी दे देगा। इसके बाद पीयू 28 अगस्त तक चुनाव की आधिकारिक घोषणा कर देगी। इसके साथ ही पीयू में चुनाव आचार संहिता लग जाएगी। छात्र संगठनों को प्रचार के लिए लगभग एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया एक सितंबर को हो सकती है।
छात्र काउंसिल चुनाव पांच सितंबर को कराने के लिए पीयू और चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों के बीच सहमति बन गई है। हालांकि, प्रशासन ने अभी आधिकारिक तौर पर पीयू को चुनाव की मंजूरी संबंधी पत्र नहीं भेजा है।