छात्र संघ चुनाव करवाने को लेकर तीनों छात्र संगठनों के धरने-प्रदर्शनों और आम छात्रों की मांग को देखते हुए विवि प्रशासन ने एससीए चुनाव पर चुप्पी आखिर तोड़ दी है। चुनाव को लेकर 26 अगस्त को अंतिम फैसला आएगा। कुलपति प्रो. एडीएन बाजपेयी ने कार्यकारी परिषद की आपात बैठक बुलाने के आदेश दिए हैं।
कुलसचिव प्रो. मोहन झारटा ने ईसी की बैठक को लेकर लिखित में आदेश भी जारी कर दिए हैं। 26 अगस्त की बैठक में सिर्फ एक ही एजेंडा रखा गया है। इसके अलावा बैठक में पूर्व में ईसी में रखे गए मामलों को बतौर स्पॉट आइटम रखकर चर्चा और फैसले भी लिए गए जा सकते हैं।
बैठक के फैसले का छात्र संगठनों को बेसब्री से इंतजार रहेगा। चूंकि, इसमें ही चुनाव करवाने, न करवाने, चुनाव के तरीके को बदलने या फिर पहले की तरह से प्रत्यक्ष चुनाव करवाने और सुरक्षा इंतजाम जैसे मामलों पर चर्चा कर रणनीति तैयार कर अंतिम फैसला आएगा।
देना पड़ेगा दस दिन का समय
यही नहीं, बैठक में ही निर्णय लिया जाएगा कि चुनाव विश्वविद्यालय और कॉलेजों के एक ही दिन होंगे या फिर अलग-अलग तिथियों में करवाए जाएंगे। चुनाव के लिए शेडयूल को कम से कम दस दिन का समय विश्वविद्यालय को देना होगा।
मतदाता सूची तैयार करने, नामांकन भरने, उसके बाद छंटनी, नाम वापस लेने के साथ उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी करने को समय देना पड़ेगा। बैठक के लिए तय तिथि से उम्मीद की जा सकती है कि विश्वविद्यालय 31 अगस्त तक यूजी परीक्षाओं के लटके परिणाम घोषित कर देगा।
यदि परिणाम देर से आएंगे तो इस पर विवि को लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों को देखते हुए पिछले परिणाम घोषित होने की आवश्यक शर्त का विकल्प भी बैठक में तय करना होगा।
प्राचार्य दे चुके हैं हरी झंडी
पांच और छह अगस्त को विवि में हुई कॉलेज प्राचार्यों की बैठक में प्राचार्य छात्र संघ चुनाव करवाने को हरी झंडी दे चुके हैं। प्राचार्यों ने फैसला विवि और सरकार पर छोड़ा था और हर आदेश को मानने की बात कही थी।
26 को रखी है बैठक: कुलसचिव
विवि के कुलसचिव प्रो. मोहन झारटा ने माना कि 26 अगस्त को एससीए चुनाव पर फैसला लेने को लेकर आपात बैठक बुलाई गई है। इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।