राज्य और राष्ट्रीय स्तर की दो परीक्षाएं एक ही दिन आने से प्रदेश के हजारों बेरोजगार टेंशन में आ गए हैं। नौ अगस्त को होने वाली राज्य स्तर की लोक सेवा आयोग की परीक्षा की बीते रोज ही तय की गई तिथि के बाद ही यह समस्या खड़ी हुई है।
एसएससी की कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल परीक्षा पहले से 9 अगस्त को तय थी, उस पर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एलाइड सर्विस की परीक्षा की तिथि को भी नौ अगस्त को ही तय कर दिया है। इससे अब इन दोनों परीक्षा के लिए आवेदन किए और महीनों से तैयारी कर रहे प्रदेश भर के हजारों छात्र एक साथ इन दोनों परीक्षाओं को नहीं दे पाएंगे।
उन्हें किसी एक को ही चुनने पर मजबूर होना पड़ेगा। उस पर एसएससी की कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल की प्रारंभिक परीक्षा के लिए तो परीक्षा केंद्र भी चंडीगढ़ में स्थापित किए गए हैं। इन हालात में जिन छात्रों ने इन दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है, उन्हें किसी एक परीक्षा को छोड़ना ही पड़ेगा।
परीक्षा तिथि में बदलाव की मांग
प्रदेश भर से इन दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन किए हजारों परीक्षार्थियों ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग से परीक्षा की क्लैश हो रही तिथि को बदले जाने की मांग की है, ताकि उनके हाथ से एलाइड सर्विस के टेस्ट को देने का मौका न जाए। बीते रोज ही आयोग ने परीक्षा की तिथि और वेबसाइट पर परीक्षा केंद्र और रोलनंबर उपलब्ध करवाए हैं।
परीक्षा देने वाले इन छात्रों का कहना है कि यदि तिथि में बदलाव न किया गया तो उनके हाथ से रोजगार पाने का यह मौका चला जाएगा और उनकी कई महीनों की परीक्षा के लिए की गई तैयारी बेकार चली जाएगी। विश्वविद्यालय में पढ़ रहे और इन दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने उनकी समस्या को ध्यान में रखते हुए नौ अगस्त को होने वाली हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की इस परीक्षा की तिथि को बदले जाने की गुहार लगाई है।