संजौली कॉलेज में प्रिंसिपल के साथ हुई मारपीट के मामले में छह छात्रों को निलंबित कर दिया है। इनमें तीन छात्रों अंकिता शर्मा, अभिलाष और रोहित कुमार को एक साल (दो समेस्टर) के लिए कॉलेज से निकाला है। मुनीश वर्मा, सहर्ष स्तान और प्रशिक्षित शर्मा को छह महीने (एक समेस्टर) के लिए कॉलेज से निष्कासित कर दिया है।
घटना वाले दिन ही कालेज प्रबंधन ने इनका निलंबन कर दिया था। आरोपी छात्रों को अपना पक्ष रखने के लिए समय दिया था। इसके बाद छात्रों के अभिभावकों ने कालेज प्रबंधन से मुलाकात की थी। छात्रों का पक्ष प्रबंधन के सामने रखा। प्रबंधन इनके पक्ष से संतुष्ट नहीं हुआ और शुक्रवार को स्टाफ काउंसिल ने इन छह छात्रों को निलंबन की सजा सुनाई।
इस बात की पुष्टि कालेज के प्रिंसिपल डा. जेएस नेगी ने की है। छात्रों के निलंबन के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भड़क गई है। परिषद के प्रांत आशीष सिक्टा ने कहा कि यह एक राजनैतिक निर्णय है इसका पूरे प्रदेश में विरोध होगा। एबीवीपी संजौली की लड़ाई पूरे प्रदेश में लेकर जाएगी। प्रिंसिपल ने छात्रों के भविष्य को खराब करने का जो निर्णय लिया है उसे विद्यार्थी परिषद नहीं सहेगी।
यह निलंबन आधारहीन है। विद्यार्थी परिषद आने वाले दिनों में आमरण अनशन करेगी जिसके जिम्मेवार कालेज प्रबंधन होगा। शुक्रवार को एबीवीपी के तीन सदस्य अभिलाष, अक्षम और प्रदीप कालेज में क्रमिक अनशन पर बैठ गए हैं। इस मामले में प्रिंसिपल की ओर से थाना सदर में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
पुलिस ने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया था। एबीवीपी की एक कार्यकर्ता की शिकायत के आधार पर प्रिंसिपल के खिलाफ महिला थाने में भी मुकदमा कायम किया गया है। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस मामले की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने कब्जे में ले रखी है।