लखनऊ विश्वविद्यालय में शुक्रवार से छात्रों को अपने काम के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
सुबह फॉर्म भरने के बाद शाम तक उनका काम हो जाएगा। छात्रों की सुविधा के लिए शुक्रवार से लविवि में सिंगल विंडो सुविधा की शुरुआत की जा रही है।
पहले चरण में छात्रों को यहां आठ सुविधाएं मिलेंगी। अगले चरण में तीन सुविधाएं और बढ़ाई जाएंगी।
गुरुवार का लविवि के असिस्टेंट रजिस्ट्रार और कर्मचारी परिषद के महामंत्री संजय शुक्ला ने सिंगल विंडो शुरू करने की घोषणा की। यहां आठ काउंटर बनाए जाएंगे।
ये काउंटर गेट नंबर एक के पास स्थित सीपीएमटी भवन में होंगे। उनके अनुसार सिंगल विंडो सिस्टम में सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद आवेदन जमा करना होगा।
इसके बाद छात्रों को अपने काम के लिए कहीं नहीं जाना होगा। काम पूरा होने के बाद छात्र को उसी काउंटर पर शाम को संपर्क करना होगा।
पहले चरण में माइग्रेशन, प्रोविजिनल सर्टिफिकेट, स्टूडेंट्स के बैंक अकाउंट्स, रेलवे एमएसटी के लिए कन्शेसन, बस एमएसटी के लिए कन्शेसन, पीएचडी कन्शेसन, लॉन्ग जर्नी कन्शेसन और सूचना काउंटर शुरू किया जा रहा है।
दूसरे चरण में अंक पत्रों में संशोधन, डिग्री और फेलोशिप निस्तारण के लिए सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया जाएगा।