बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति को शिक्षक के उत्पीड़न के मामले में अनुसूचित जाति आयोग ने तलब किया है।
बीबीएयू कुलपति पर विश्वविद्यालय के पूर्व शिक्षक आरजी सोनकवाड़े ने शोषण करने का आरोप लगाया था। शिक्षक की शिकायत पर अनुसूचित जाति आयोग ने कुलपति को 30 दिसंबर को उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
बीबीएयू के शिक्षक प्रो. आरजी सोनकवाड़े ने अनुसूचित जाति आयोग के सामने 17 सितंबर 2013 को शिकायत की थी। आयोग को दिए अपने पत्र में उन्होंने कहा कि था कि अनुसूचित जाति का होने के कारण उनका कन्फर्मेशन नहीं किया गया।
प्रो. सोनकवाड़े के मुताबिक उन्होंने जून 2011 में विश्वविद्यालय में प्रोफेसर पद पर ज्वॉइन किया था। विश्वविद्यालय में प्रो. सोनकवाड़े स्कूल फॉर फिजिकल साइंस के डीन और कई समितियों क अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
इस साल विश्वविद्यालय द्वारा उनका कन्फर्मेशन न होने पर उन्होंने अपने पूर्व संस्थान इंटर-यूनिवर्सिटी एक्सलरेटर सेंटर में बतौर वैज्ञानिक फिर से ज्वॉइन कर लिया है।
प्रो. सोनकवाड़े की शिकायत पर अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पीएल पुनिया के सामने बीती 18 नवंबर को केस के सुनवाई हुई थी। इस दौरान यूजीसी के निदेशक भी उपस्थित रहे थे।
अगली सुनवाई के लिए अब बीबीएयू के कुलपति प्रो. आरसी सोबती को पेश होना है।