एलयू में अब स्टूडेंट भी लेक्चर देंगे और खुद सेमिनार भी करवाएंगे। इससे स्टूडेंट्स में आत्मविश्वास और पढ़ाई के प्रति रुझान भी बढ़ेगा। यह पहल लखनऊ विश्वविद्यालय के फिजिक्स विभाग में फिजिक्स सोसाइटी बनाकर की गई है।
इसमें दो रिसर्च स्कॉलर, दो पीजी के सेकेंड ईयर के स्टूडेंट व एक टीचर को शामिल किया गया है। फिलहाल फिजिक्स सोसाइटी के गठन पर एलयू के कुलपति डॉ. एसबी निमसे ने भी मुहर लगा दी है।
इस पहल से रिसर्च व पीजी के स्टूडेंट्स को पढ़ाने का मौका मिलेगा तो स्टूडेंट्स को अलग से भी पढ़ाने वाले एक्सपर्ट मिलेंगे। वहीं, सेमिनार व अन्य कार्यक्रम आयोजित होने से भी स्टूडेंट्स को फायदा मिलेगा।
दूसरी ओर इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) एलयू में जल्द दो रेस्टोरेंट खोलने की तैयारी कर रहा है। वहीं, एलयू की कैंटीन को भी बेहतर बनाया जाएगा।
आईक्यूएसी सेल का दफ्तर खुला
एलयू में इंटरनल क्वॉलिटी इश्योरेंस सेल (आईक्यूएसी) सेल का दफ्तर अब कुलपति के वीजिटिंग रूम में बना दिया गया है। आईक्यूएसी सेल का यह दफ्तर एक-दो दिन में पुराने तरह से काम करना शुरू कर देगा।
आईक्यूएससी सेल के प्रमुख डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि विवि में गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए काम तेजी से चल रहा है और उसे निरंतर विस्तार भी दिया जा रहा है।