इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में दाखिले के लिए 20 अप्रैल को होने वाली परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र सोमवार से ऑनलाइन जारी नहीं हो सके।
अब मंगलवार से स्टूडेंट्स एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। वहीं, राज्य प्रवेश परीक्षा के लिए देश भर में कुल 237 केंद्र बनाए गए हैं। राजधानी में 25 केंद्रों पर परीक्षा होगी।
यूपीटीयू ने घोषणा की थी कि सोमवार से एसईई के प्रवेश पत्र ऑनलाइन कर दिए जाएंगे। विवि की वेबसाइट से स्टूडेंट इसे डाउनलोड कर सकते हैं।
लेकिन सोमवार को एडमिट कार्ड वेबसाइट पर अपलोड नहीं किए जा सके, जिस कारण स्टूडेंट्स इंतजार करते रह गए। इस संबंध में एसईई के समन्वयक प्रो. जगवीर सिंह ने बताया कि डाटा तैयार है।
लेकिन छुट्टी के कारण प्रवेश पत्र ऑनलाइन नहीं हो पाए हैं। अब इसे मंगलवार को ऑनलाइन किया जाएगा। वहीं, यूपीटीयू ने इस बार यूपी के अलावा सिर्फ दिल्ली ही नहीं, पटना, रांची व भोपाल में भी परीक्षा केंद्र बनाया है।
बिहार, झारखंड और मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में स्टूडेंट परीक्षा देंगे। इस बार एसईई में कुल 1.98 लाख अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
यूपीटीयू की 20 अप्रैल को स्नातक स्तरीय कोर्सेज में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। इसमें बीटेक, बीआर्क, बीफॉर्मा, बीएसएमसीटी, बीएफएडी व बीएफए कोर्स शामिल हैं।